Patna Weather News: उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी ने बिहार के मौसम में बदलाव ला दिया है। पटना समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में सीवान जिले का जीरादेह इलाका सबसे ठंडा रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, पटना का तापमान 14 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। सुबह में तापमान 19 डिग्री और दोपहर में 22 डिग्री पहुंच गया था। रात में और तापमान गिरेगा। पिछले पांच दिनों से लगातार सुबह और शाम में घना कोहरा छा रहा है।
पटना में सुबह के समय में विजिबिलिटी 500 मीटर रही। जबकि पूर्णिया में 600 मीटर थी। इस वजह से ट्रेनों, विमानों और आम वाहनों का परिचालन बाधित हो रहा है। ट्रेनें आधा घंटे से लेकर 4-4 घंटे देर तक चल रही है। लंबे रूट की ट्रेनें विशेषकर देर से चल रहीं हैं। मंगलवार सुबह संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 7:15 की जगह सुबह 10:55 बजे पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंची है। सोमवार की सुबह भी यह ट्रेन 80 मिनट देर से पहुंची थी।
राजधानी एक्सप्रेस तक देर से पहुंची
आज सुबह राजधानी एक्सप्रेस पटना जंक्शन पर 6:16 बजे पहुंची है। जबकि दिल्ली से चलकर पटना जंक्शन पहुंचने का इस ट्रेन का समय 4:40 बजे है। नई दिल्ली से चलकर विक्रमशिला एक्सप्रेस मंगलवार सुबह 2:30 बजे की जगह 6:56 बजे पहुंची है। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, पंजाब मेल, श्रमजीवी एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, हिमगिरी, गुवाहाटी राजधानी, सीमांचल एक्सप्रेस, एलटीटी पाटलिपुत्र, कुर्ला-पटना एक्सप्रेस और कोटा-पटना एक्सप्रेस देर से परिचालित हो रहीं हैं।
मंगलवार को किस शहर में कितना है तापमान
पटना के फुलवारी शरीफ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वाल्मिकी नगर में 9.5 डिग्री, पूर्वी चंपारण में 10.5 डिग्री, सीवान में 9 डिग्री, सारण में 15.8 डिग्री, औरंगाबाद में 13.1 डिग्री, गया में 11.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 14.7 डिग्री, सीतामढ़ी में 9.7 डिग्री, बेगूसराय में 12.1 डिग्री, शेखपुरा में 14.5 डिग्री, जमुई में 12.7 डिग्री, बांका में 12.8 डिग्री, भागलपुर में 14.3 डिग्री, पूर्णिया में 12.5 डिग्री, कटिहार में 13.9 डिग्री, किशनगंज में 0.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
अगले 5 दिन में कितना रह सकता है तापमान
पटना में 28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, 29 दिसंबर को 11 डिग्री, 30 दिसंबर को 12 डिग्री, 31 दिसंबर को 12 डिग्री, 1 जनवरी को 12 डिग्री, 2 जनवरी को 11 डिग्री, 3 जनवरी को 10 डिग्री, 4 जनवरी को 10 डिग्री, 5 जनवरी को 11 डिग्री तापमान रहने के आसार हैं।
