पटना

Patna Municipal Corporation: पटना में नगर निगम की अनूठी पहल, जहां फेंका जाता था कूड़ा वहां चलेगी ओपीडी, इतने कूड़ा प्वाइंट हुए हैं साफ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 7, 2023, 05:40 PM IST

Patna Garbage Point Become OPD: राजधानी स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई-नई तरकीब अपनाई जा रही है। सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में अब नगर निगम ने कूड़ा प्वाइंट पर ओपीडी चलाने का निर्णय लिया। ताकि वह जगह भी साफ रहे और लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का भी लाभ मिल जाए।

Image

पटना में इन कूड़ा प्वाइंट पर अब लोगों का होगा इलाज

KEY HIGHLIGHTS
  • नगर निगम ने 346 कूड़ा प्वाइंट का करवाया है सौंदर्यीकरण
  • 122 जगहों पर लगाया जाएगा स्वास्थ्य शिविर
  • शिविर लगाने के लिए निगम के पास पांच डॉक्टर भी

Patna News: पटना शहर के कूड़ा प्वाइंट पर अब ओपीडी चलेगी। मोहल्ले में ही लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल हुई है। नगर निगम शहर के 346 कूड़ा प्वाइंट की साफ-सफाई कराकर उसका सौंदर्यीकरण किया है। 346 में से 122 जगहों पर स्वच्छता कॉर्नर बनाया जा रहा है। इन जगहों पर नगर निगम की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर लगाने के लिए निगम के पास पांच डॉक्टर भी हैं। दरअसल, निगम ने स्वास्थ्य विभाग से 5 डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति की मांग की थी।

विभाग ने निगम को 3 डॉक्टर दिए, जबकि पहले से दो डॉक्टर थे। हर अंचल में एक-एक डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति हुई है। इस ओपीडी में ब्लड प्रेशर (बीपी) और डायबिटीज की जांच होगी। इनकी दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। अंचल में रोस्टर बनाया जा रहा है। पहले से समाप्त किए गए कूड़ा प्वाइंट पर जल्द ही स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।

सैदपुर बाजार समिति होगी कचरा मुक्त

सैदपुर बाजार समिति को प्राथमिकता के आधार पर कचरा मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए समिति के सभी दुकानदारों को दो-दो डस्टबिन दिए जाएंगे। वहीं, 11 जनवरी से कूड़ा-कचरा फैलाने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। 26 जनवरी तक समिति को कचरा मुक्त बनाए जाने का लक्ष्य है। सैदपुर बाजार से निकलने वाले कचरे से खाद बनाई जाएगी। इसके लिए खाद बनाने वाले दो प्लांट तैयार होंगे।

इस हेल्पलाइन नंबर पर कूड़ा फेंके जाने की शिकायत

कूड़ा फेंके जाने की शिकायत दर्ज कराने एवं उठाव के लिए नगर निगम द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। आप 155304 नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पूरे शहर में कहीं भी कोई सड़क या अन्य सार्वजनिक जगह पर कचरा फैला रहा हो तो आप उस नंबर पर कॉल करके सूचना दे सकते हैं। गंदगी फैलाने वाले इंसान पर नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

कचरा फैलाने वालों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं सिविल सर्जन से भी कार्रवाई की अपील

बता दें एक दिन पहले ही राजेंद्र नगर रोड नंबर 1 में एक शख्स ने एक अस्पताल द्वारा कचरा फैलाने का वीडियो निगम को भेजा था। निगम ने इस वीडियो की जांच की और सही पाए जाने पर अस्पताल को नोटिस भेजा गया। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन से 2000 रुपए जुर्माना लिया गया। निगम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सिविल सर्जन को भी ऐसे अस्पताल एवं प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है। अस्पताल द्वारा कचरा फैलाने का वीडियो चौक-चौराहों पर लगे स्क्रीन पर दिखाया जा रहा है, ताकि अन्य कोई ऐसा न करे।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!