Patna Metro: पटना मेट्रो सेवा अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन इससे पहले ही कुछ ठगों ने लोगों को फसाने का प्रयास शुरू कर दिया है। साइबर ठग पटना मेट्रो में बहाली के नाम पर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई निजी कंपनियों के नाम से फर्जी विज्ञापन चल रहे हैं, जिनमें पटना मेट्रो में नौकरी के लिए आवेदन प्रक्रिया का विवरण विस्तार में दिया गया है। इन विज्ञापनों में इलेक्ट्रीशियन, फीटर, लाइनमैन, प्लंबर, ट्रैकमैन और स्टेशन सुपरवाइजर जैसे कई पदों पर बहाली का दावा किया जा रहा है। पीएमआरसीएल ने इन विज्ञापनों को पूरी तरह से फर्जी बताया है।
फर्जी विज्ञापनों न दें ध्यान
पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (PMRCL) की एपीआरओ अर्चना कुमारी ने इन विज्ञापनों को पूरी तरह से फर्जी बताया हैं। उन्होंने कहा कि पीएमआरसीएल ने भर्ती के लिए कोई भी विज्ञापन जारी नहीं किया है और कोई भी निजी संस्था भर्ती के लिए अधिकृत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे फर्जी विज्ञापनों, कॉल या संदेशों पर ध्यान न दें और केवल बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या समाचार पत्रों में प्रकाशित सूचना पर भरोसा करें।
एक युवक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इन फर्जी विज्ञापनों के जरिए लोगों से दो-दो लाख रुपये तक लिए जा रहे हैं। कई लोग इन झूठे दावों में फंसकर कर्ज लेने को मजबूर हो रहे हैं। यह स्थिति उन लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है जो पटना मेट्रो में नौकरी का सपना देख रहे हैं। पीएमआरसीएल और राज्य सरकार लगातार इस प्रकार की धोखाधड़ी पर नजर रख रहे हैं और लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
