पटना ट्रैफिक डायवर्जन
पटना : बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जदयू के प्रमुख नीतीश कुमार ने राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने NDA विधायकों का समर्थन पत्र देकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब 20 नवंबर यानी गुरुवार को नीतीश बतौर सीएम 10वी बार शपथ लेंगे। ये भव्य समारोह गांधी मैदान पर आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में पीएम नरेंद्र, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारी संख्या में वीवीआई लोग शहर पहुंचेंगे। लिहाजा पटना पुलिस ने विभिन्न रूटों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया है। आइये जानते हैं सुबह से शाम तक किन रास्तों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जदयू प्रमुख नीतीश कुमार और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस समारोह का हिस्सा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और NDA के कई शीर्ष नेता पटना में होंगे। नीतीश कुमार दसवीं बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और इसके लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सूत्रों के अनुसार, कई केंद्रीय मंत्री और राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान और उसके आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। आम जनता का प्रवेश 20 नवंबर तक पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। कार्यक्रम के मद्देनजर गांधी मैदान के आसपास के कई सड़कों पर यातायात के लिए मार्ग परिवर्तित भी किया गया है।
शपथ ग्रहण से पहले शहर का ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह से बदला रहेगा। लिहाजा आप घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर सचेत रहना होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले लगभग सभी रास्ते बंद रहेंगे। शहर में प्रमुख रास्तों में भारी वाहनों के साथ छोटे वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, कई रूट पूरी तरह से बंद रहेंगे। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं की अनुमति रहेगी। प्रशासन ने बताया कि किसी भी दिशा से गांधी मैदान की ओर आने वाली जनता और व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।
जानकारी के मुताबिक, भट्टाचार्य चौराहा से फ्रेजर रोड की उत्तरी दिशा, एसपी वर्मा रोड, बाकरगंज मोड़, रामगुलाम चौक, अशोक राजपथ और कृष्णा घाट से लेकर पश्चिम गंगा पथ की ओर जाने वाले कई ऐसे हिस्सों पूरी तरह ब्लॉक कर दिए जाएंगे। वहीं, डाकबंगला चौराहा से आने वाले वाहनों को न्यू डाकबंगला होते हुए भट्टाचार्य मोड़ से आगे डायवर्ट किया जाएगा और उन्हें गांधी मैदान की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
वहीं, दूसरी ओर जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क तक का पूरा मार्ग सुरक्षित जोन घोषित किया गया है। हालांकि, यह रास्ता केवल इमरजेंसी स्थिति में उपयोग में लाया जाएगा। बेली रोड से आने वाले रिक्शा, टेंपों और छोटे वाहन आयकर गोलंबर से पटेल पथ की ओर डायवर्ट होंगे। बुद्ध मार्ग में कोतवाली से पुलिस लाइन तिराहा तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।
प्रशासन के मुताबिक, शपथ ग्रहण का हिस्सा बनने आए आम लोग गांधी मैदान में प्रवेश गेट सं. 5,6,7,8,9 एवं 10 से और मीडियाकर्मी प्रवेश गेट सं. 11 से अंदर आएंगे।