Siwan Liquor Loot: बिहार के सिवान जिले से अजब-गजब मामला सामने आया है। जहां पर हादसे की जगह देखते ही देखते लूट के स्थान में बदल गई। दरअसल मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से गुजरते हुए एक स्कॉर्पियो सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। गाड़ी में अवैध शराब भरी हुई थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस मौके का फायदा उठाकर ग्रामीणों ने चंद मिनटों में स्कॉर्पियो से सारी शराब लूट ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यूपी की ओर से सिवान आ रही थी कार
यह मामला सिवान के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जमसिकड़ी गांव का है। बताया जा रहा है कि शराब लदी स्कॉर्पियो यूपी की ओर से सिवान आ रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक पुलिस की गाड़ी को देखकर घबरा गया। चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी को लेकर भागने की कोशिश की। तभी स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गई।
पुलिस ने स्कॉर्पियो को किया जब्त
स्कॉर्पियो के पलटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद गांव के लोगों ने स्कॉर्पियो में शराब को देखा। इस मौके का फायदा उठाने के लिए घटनास्थल पर शराब लूटने की होड़ मच गई। लोगों ने कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो में रखी सभी शराब को लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो को गड्ढे से बाहर निकाल कर जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस स्कॉर्पियो को जब्त कर स्कॉर्पियो मालिक की पहचान करने में जुटी हुई है।
