पटना

Patna JP Ganga Path की जल्द एलसीटी घाट के पास से चालू होगी कनेक्टिविटी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 1, 2023, 08:41 PM IST

Patna Jp Ganga Path New Way: पटना में इस साल लोगों को जाम की समस्या से और राहत मिलने वाली है। गंगा नदी किनारे बने जेपी गंगा पथ की कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है। इससे लोगों को अधिक दूरी तय कर गंगा पथ से शहर के अंदर की सड़कों को प्रवेश की समस्या से भी निजात मिल जाएगी। कनेक्टिविटी को लेकर अंतिम चरण में काम चल रहा है।

Image

पटना जेपी गंगा पथ की एलसीटी घाट से अब होगी कनेक्टिविटी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • दीघा से दीदारगंज तक बनाया जाना है जेपी गंगा पथ
  • जेपी गंगा पथ की एलसीटी घाट से कनेक्टिविटी के लिए हो रही पिचिंग
  • इस साल कुल 16.5 किलोमीटर सड़क कर दी जाएगी चालू

Patna News: राजधानी में दीघा से दीदारगंज तक बनने वाला जेपी गंगा पथ की एक और कनेक्टिविटी तैयार हो गई है। इस सप्ताह में एलसीटी घाट से कनेक्टिविटी चालू कर दी जाएगी। फिलहाल एप्रोच रोड की पिचिंग का काम चल रहा है। इसका निर्माण होते ही एलसीटी घाट की कनेक्टिविटी शुरू कर दी जाएगी। इससे सीधे तौर पर कुर्जी, पाटलिपुत्र, बोरिंग रोड समेत कई इलाकों के लोगों को फायदा होगा। फिलहाल जेपी गंगा पथ से शहर के अंदर प्रवेश करने के लिए लोगों को दीघा नहर पर जाना पड़ता है या गांधी मैदान स्थित एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट के पास बनी कनेक्टिविटी के पास जाना होता है।

एलसीटी घाट कनेक्टिविटी के अलावा राजापुर के सामने टोल प्लाजा बनकर तैयार है। कुछ मशीन लगाई जानी है। अधिकारियों के मुताबिक इस साल प्रशासनिक भवन भी बनकर तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही 16.5 किलोमीटर लंबी सड़क चालू होने के बाद टोल टैक्स भी वाहन चालकों से वसूला जाना शुरू कर दिया जाएगा।

9 किलोमीटर में नया एलिवेटेड रोड बनाने का चल रहा काम

इस साल जेपी गंगा पथ 16.5 किलोमीटर में बनकर तैयार हो जाएगा। फिलहाल 7.5 किलोमीटर में वाहनों का परिचालन हो रहा है। शेष 9 किलोमीटर नया एलिवेटेड रोड बनने का काम इस साल के अंत तक पूरा होने की संभावना है। इतना ही नहीं पटना सिटी क्षेत्र अंतर्गत गायघाट, कंगन घाट और पटना घाट तक कनेक्टिविटी चालू कर दी जाएगी। शहर के अंदर से जेपी गंगा पथ की कनेक्टिविटी बढ़ने से लोगों को अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और जेपी गंगा पथ पर भी वाहनों का दबाव कम रहेगा।

15 ठेकेदारों को काम में तेजी लाने का निर्देश

जेपी गंगा पथ के शेष निर्माण को जल्द पूरा करने के लिए 15 ठेकेदारों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) ने सभी ठेकेदारों को कहा है कि तय समय में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा किया जाना है। बता दें सरकार ने इस पथ की परिकल्पना 2010 में की थी। इसका शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2013 में किया था। 24 जून 2022 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले फेज में बने दीघा से पटना मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (पीएमसीएच) तक के गंगा पथ का उद्घाटन किया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article