पटना

Samastipur Murder: कोचिंग जा रही छात्रा की गोली मारकर हत्या; दो महीने पहले मिली थी धमकी

समस्तीपुर के शिवाजीनगर में कोचिंग जा रही एक छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बताया कि पहले भी युवती को धमकी मिली थी। पुलिस जांच में जुटी है, इलाके में दहशत का माहौल है।

Image

प्रेम प्रसंग से भी जुड़ रहे हैं वारदात के तार

Photo : Times Now Digital

Bihar Crime: समस्तीपुर के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के परसा पंचायत अंतर्गत कोठिया गाछी में एक छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब छात्रा अपने घर से बहेड़ी स्थित कोचिंग क्लास के लिए जा रही थी। गांव की पगडंडी पर ही अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही शिवाजीनगर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए हैं।

हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का शक

सूत्रों के अनुसार, मृतक छात्रा की बहन का कोचिंग संचालक शिक्षक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पहलू की पुष्टि नहीं की है। SDPO रोसड़ा संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हत्या के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही साफ हो पाएगी।

परिजनों का बयान

मृतक छात्रा के परिजन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि, युवती को दो महीने पहले भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी। इस धमकी को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई थी लेकिन कोई पुख्ता कार्रवाई नहीं हुई।

प्रशासन पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर समस्तीपुर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े छात्रा की हत्या से यह साफ हो गया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की जांच जारी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article