Patna Traffic Update: पटना में बुधवार को नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद एएन कॉलेज में ईवीएम रखी जाएंगी। ऐसे में जेपी मार्ग पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर शाम 5 बजे से रोक लगा दी गई है। दीघा और कुर्जी से बोरिंग रोड की ओर जाने वाली गाड़ियां एएन कॉलेज पानी टंकी तक ही जा सकेंगी। हड़ताली मोड़ और सहदेव महतो मार्ग से एएन कॉलेज की ओर सिर्फ चुनाव कार्य और ईवीएम जमा करने वाले वाहनों का आवागमन होगा। इनके अतिरिक्त एंबुलेंस, बीमार, अग्निशमन, शव वाहन और न्यायपालिका से जुड़े वाहनों का आवागमन चालू रहेगा।
पार्किंग स्थल किए गए तय
ट्रैफिक एसपी अनिल कुमार ने बताया कि सरकारी एवं चुनाव कार्य में लगे वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यह वाहन पाटलिपुत्र कॉलोनी मैदान और अटल पथ सर्विस लेन पर खड़े होंगे। ईवीएम और वीवीपैट एएन कॉलेज पानी टंकी परिसर, पाटलिपुत्र कॉलोनी मैदान, शिवपुरी के सामने अटल पथ सर्विस लेने पर वाहन लगाए जाएंगे।
पटना एयरपोर्ट , जंक्शन और बस टर्मिनल पहुंचने के रास्ते
कुर्जी की ओर से पटना जंक्शन या एयरपोर्ट पर जाने वाले वाहन राजापुर से पूर्वी केनाल रोड होकर बोरिंग रोड चौराहा होते हुए हाईकोर्ट मोड़ की ओर जा सकते हैं। नेहरू मार्ग केनाल रोड और सहदेव महतो मार्ग की ओर वाहनों की एंट्री नहीं होगी। इसके लिए हाईकोर्ट मोड़ से जेपी मार्ग की ओर जाकर चौराहे से राजापुर की ओर जाया जा सकता है। कुर्जी मोड़ से एएन कॉलेज पानी टंकी से अटल पथ पकड़कर पटना जंक्शन वाहन जा सकते हैं। निजी गाड़ियों के लिए यह मार्ग चालू रहेगा।
पैदल ही जाना होगा बोरिंग रोड
बोरिंग रोड पहुंचने के लिए लोगों को पैदल यात्रा करनी होगी। लोगों को एएन कॉलेज पानी टंकी के पास ही ऑटो छोड़कर पैदल जाना होगा। बोरिंग रोड चौराहे से यमुना अपार्टमेंट की ओर जाने वाले यात्रियों को पैदल यात्रा करनी होगी। इसके अलावा कुछ अन्य रूट पर यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। वहीं गली-मोहल्ले के अंदर से बाइक और स्कूटी सवार अपनी यात्रा कर सकते हैं।
व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए सबसे अहम रूट
जेपी मार्ग शहर के व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए सबसे अहम रूट है। बोरिंग रोड में तमाम कोचिंग संस्थान और इंस्टीट्यूट हैं। यहां हजारों युवा-युवती हर दिन क्लास करने आते हैं। वहीं, बोरिंग रोड शहर का बड़ा बाजार भी है।
