Patna News: पटना जेपी गंगा पथ से एलसीटी घाट की कनेक्टिविटी चालू कर दी गई है। अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रायल के बाद यह कनेक्टिवटी शुरू की गई। ट्रायल के दौरान अशोक राजपथ पर कुर्जी की ओर से आने वाले वाहन इस नए रोड से गुजरकर गंगा पथ पर चढ़े। गांधी मैदान जाने वाले कई वाहन सवार एलसीटी घाट से जेपी गंगा पथ होकर आगे बढ़े। इसका कारण है कि राजापुर पुल के पास अक्सर जाम लगा होता है। इतना ही नहीं अशोक राजपथ पर वाहन की गति काफी कम करनी पड़ती है।
ऐसे में अशोक राजपथ से दीघा जाने वाले वाहन सवार एलसीटी घाट कनेक्टिवटी से जेपी गंगा पथ पर चढ़कर आगे निकल जाएंगे। बता दें 5.4 किलोमीटर के इस गंगा पथ को शहर में चार जगहों पर कनेक्टिवटी मिली है। सबसे पहले दीघा नहर, अटल पथ, एलसीटी घाट और गांधी मैदान स्थित एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट के पास।
अगले साल तक पूरा गंगा पथ बन जाएगा
इस साल के अंत तक जेपी गंगा पथ और हिस्सा बन जाएगा। इस पथ की लंबाई 7.5 किलोमीटर हो जाएगी। इसका निर्माण पूरा हो जाने के बद गंगा पथ पटना घाट तक चालू हो जाएगा। अगले साल जून तक पथ 20.5 किलोमीटर तक बन जाएगी। इस पथ निर्माण का शिलान्यास 2013 में हुआ था। तब निर्माण की राशि 3160 करोड़ रुपए तय हुई थी। समय पर निर्माण पूरा नहीं होने से खर्च 671 करोड़ रुपए बढ़ गय। अब इसकी लागत 3831 करोड़ रुपए हो गई है।
नई कनेक्टिविटी से इन इलाकों को फायदा
जेपी गंगा पथ की एलसीटी घाट से कनेक्टिवटी होने से कई इलाके सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। बोरिंग कैनाल रोड, बोरिंग रोड, पाटलिपुत्र, कुर्जी समेत एक दर्जन इलाकों के लोग बड़ी आसानी से गंगा पथ पर जा सकेंगे। कुर्जी हॉस्पिटल, महावीर वात्सल्य अस्पताल, पीएमसीएच और एम्स के मरीजों को बेहद सुविधा होगी। यह आसानी से एक से दूसरे अस्पताल कम समय और अच्छी सड़क से पहुंच पाएंगे। इसके साथ ही अशोक राजपथ पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। फिलहाल गांधी मैदान से पाटलिपुत्र-कुर्जी ओर लोग अशोक राजपथ होकर आते थे। नई कनेक्टिविटी मिलने से गांधी मैदान के पास गंगा पथ पर उतरकर एलसीटी घाट के पास उतर सकेंगे।
