बिहार के गयाजी में इमामगंज के लंगूराही पहाड़ी के झरने में रविवार को अचानक आई बाढ़ से बड़ा हादसा टल गया। छुट्टियां मनाने आए लोग वहां प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे, लेकिन अचानक पानी का तेज बहाव सभी के लिए खतरनाक साबित हुआ। कई लोग पानी में बहने लगे।
कैसे हुआ हादसा
झरने के पास नहा रही छह लड़कियां पानी के तेज बहाव में बहने लगीं, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी हिम्मत दिखाते हुए चार लड़कियों को बचाया। एक लड़की ने बड़े पत्थर को मजबूती से पकड़ कर खुद को पानी से बचाए रखा, जबकि एक अन्य लड़की पानी के तेज बहाव में काफी देर तक फंसी रही। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक लड़की पत्थर से टकराने के कारण घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज बहते पानी और बचाव के प्रयास देखे जा सकते हैं। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों के प्रवेश पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को मौसम सामान्य था और झरने पर बड़ी संख्या में लोग छुट्टियां मनाने आए थे। अचानक पहाड़ी इलाके से पानी का सैलाब आया, जिससे कई लोग अचानक इसके चपेट में आ गए। लोगों की सतर्कता और स्थानीयों की बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया।
