पटना

गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में बड़ा एक्शन, कोलकाता से STF ने हिरासत में लिए 5 अन्य आरोपी

बिहार के पटना स्थित एक हॉस्पिटल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में बिहार एसटीएफ ने कोलकाता एसटीएफ के साथ मिलकर 5 अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक ही दिन में 10 आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई की गई है।

Image

चंदन मिश्रा हत्याकांड (फोटो-टाइम्स नाउ नवभारत)

कोलकाता : पटना के एक हॉस्पिटल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या किए जाने के मामले में शनिवार को जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है, जहां सुबह कोलकाता के पास ‘न्यू टाउन’ से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया तो वहीं देर रात एसटीएफ ने कोलकाता के ही आनंदपुर इलाके स्थित ग्रीन एज रेजीडेंसी से पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया। कोलकाता एसटीएफ टीम के साथ बिहार एसटीएफ भी इस कार्रवाई में शामिल थी। इस मामले में कार्रवाई जारी है।

कहां छिपे थे आरोपी

सूत्रों का कहना है कि पांचों शूटर पटना से भागकर कोलकाता पहुंच थे। हिरासत में लिए जाने पर पांचों में से एक घायल है। सूत्रों का कहना है कि अस्पताल के सीसीटीवी में दिख रहे लोग कोलकाता एसटीएफ द्वारा हिरासत में लिए गए इन पांच लोगों में शामिल हो सकते हैं। उन्हें अब आगे की पूछताछ के लिए लाल बाजार, कोलकाता पुलिस मुख्यालय ले जाया गया है। कोलकाता एसटीएफ और बिहार एसटीएफ के साथ यह दूसरा ऑपरेशन है। पहला ऑपरेशन आज सुबह न्यू टाउन इलाके में किया गया था।

कहां मारी गोली

दरअसल, पटना के एक निजी अस्पताल में गुरुवार सुबह बंदूकधारियों ने चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिहार के बक्सर जिले का निवासी मिश्रा पैरोल पर जेल से बाहर था। अधिकारी ने कहा कि उनके मोबाइल फोन के नेटवर्क टावर लोकेशन से उनका पता लगाने में मदद मिली। बिहार पुलिस उन्हें एक स्थानीय अदालत में पेश कर ‘ट्रांजिट रिमांड’ का आग्रह करेगी।

घटना की कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आई जिसमें पांच हथियारबंद लोग अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में घुसते और मिश्रा पर गोलियां चलाते नजर आए। पुलिस के अनुसार, मिश्रा बेउर जेल में बंद था और पैरोल पर इलाज के लिए अस्पताल गया था। वह हत्या के 12 मामलों समेत 24 आपराधिक मामलों में शामिल था। इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठते हैं। बिना मास्क पहने पांच हथियारबंद हमलावर दूसरी मंजिल पर पहुंचे, मिश्रा पर गोलियां चलाईं और परिसर से भाग गए। जांचकर्ता सुरक्षा में चूक की जांच कर रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article