पटना

बिहार में बड़ा सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी श्रद्धालुओं की कार; पांच की मौत

बिहार के भोजपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी ये बुरा हादसा हो गया।

Image

(प्रतिकात्मक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

भोजपुर: जिले में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई इनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। सभी कार सवार मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर लौट रहे थे। मामला गजराजगंज थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग विंध्याचल से मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। तभी उनकी कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के वक्त कार में करीब सात लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

विंध्याचल माता के दर्शन करने गए थे श्रद्धालु

पुलिस के मुताबिक, भोजपुर जिला के कमरिया गांव के सात लोग महिंद्रा एसयूवी कार से विंध्याचल माता के दर्शन करने के लिए गए थे। गुरुवार की सुबह ये सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आरा-बक्सर फोरलेन पर बीबीगंज के समीप कार चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और वे सड़क के बीच डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

गजराजगंज के थाना प्रभारी हरि प्रसाद शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि यह दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब छह बजे की है। दुर्घटना में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।

हरि प्रसाद शर्मा ने कहा कि मरने वालों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी लगी होगी, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(इनपुट-आईएनएस)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article