पटना

Bihar: सौतेली मां के साथ करता था गंदी हरकत, पिता ने देखा तो बेटे को उतार दिया मौत के घाट

बिहारशरीफ के हरनौत थाना क्षेत्र में एक बाप ने बेटे की हत्या कर दी। बेटा अपनी सौतेली मां के साथ अश्लील बरताव करता था, 10 अगस्त की रात पिता ने उसे ऐसा करते देख लिया और गला घोंट कर उसे मार डाला। उसके बाद लाश को गंगा में ले जाकर फेंक दिया।

Image

हत्या के बाद लाश को गंगा में फेंका

Photo : Times Now Digital

Bihar Crime: बिहारशरीफ के हरनौत थाना क्षेत्र में एक अजीब घटना हुई। यहां एक पिता ने अपने बेटे की हत्या कर दी। इसका कारण और हैरान करने वाला है, जानकारी के अनुसार बेटे की अपनी सौतेली मां पर गंदी नजर थी। वह अपनी सौतेली मां के साथ अश्लील हरकत कर रहा था कि पिता की नजर बेटे पर पड़ गई। गुस्साए पिता ने गमछे से गला घोंटकर बेटे की हत्या कर दी।

मामला हरनौत थाना क्षेत्र के बड़ी मुढ़ारी गांव का है, जहां 10 अगस्त की रात 23 वर्षीय पिंटू कुमार ने अपनी सौतेली मां के साथ आपत्तिजनक हरकतें कीं, जिसे देखकर गुस्साए पिता श्याम राम ने गला घोंट दिया। हत्या के बाद श्याम ने अपने बड़े भाई शैलेन्द्र राम, दोस्त दीना साव और एक चाचा की मदद से पिंटू का शव एंबुलेंस में लादकर पटना जिले के अथमलगोला के पास गंगा नदी में फेंक दिया।

पिंटू के नाना सहदेव राम ने मामले की शिकायत पुलिस को की। पुलिस ने शव की तलाश में गंगा नदी में सघन खोजबीन की, लेकिन अभी तक शव नहीं मिला है। इस मामले में पुलिस ने श्याम राम को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पत्नी नीलू देवी से भी पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, श्याम राम ने अब तक तीन शादियां की हैं। पहली शादी 1999 में हुई, जिससे पिंटू का जन्म हुआ। 2012 में पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली। उसी वर्ष श्याम ने दूसरी शादी की, जो दो साल बाद टूट गई। 2014 में उन्होंने नीलू देवी से तीसरी शादी की, जिनसे दो बच्चे हैं। श्याम दिल्ली में काम करते हैं और कभी-कभी घर आते हैं।

नीलू देवी ने बताया कि पिंटू अक्सर उसके साथ गलत व्यवहार करता था। घटना वाली रात भी पिंटू ने उसके साथ गंदी हरकत करने का प्रयास किया था, जिसे देखकर श्याम ने विरोध जताया और विवाद के दौरान बेटे की हत्या कर दी।

थानाध्यक्ष अमरदीप कुमार ने बताया कि हत्या के बाद शव को छुपाने की सूचना पर पुलिस तुरंत गांव पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। श्याम ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस अन्य आरोपितों की भी तलाश कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article