पटना

Patna Gandhi Maidan: पटना गांधी मैदान में फिर से शुरू होगा डिजनीलैंड मेला, गांधी मैदान की होगी ऑनलाइन बुकिंग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 11, 2023, 03:45 PM IST

Patna disneyland: नए साल में पटनावासियों को मनोरंजन की कई सुविधाएं मिलने वाली हैं। फिर से गांधी मैदान गुलजार होगा। यहां डिजनीलैंड मेला दोबारा लगाया जाएगा। कोरोना संक्रमण काल के समय से यह बंद पड़ा है। इसको लेकर अधिकारियों ने बैठक की है। इसमें तय हुआ है की जल्द डिजनीलैंड शुरू किया जाए।

Image

पटना गांधी मैदान में शुरू होगा डिजनीलैंड

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मेला लगाए जाने के लिए उप समिति का हुआ गठन
  • चार विभागों के पदाधिकारी हैं समिति के सदस्य
  • गांधी मैदान की ऑनलाइन बुकिंग के वेबसाइट का जल्द होगा लोकार्पण


Patna News: अब गांधी मैदान में डिजनीलैंड मेला फिर से शुरू होगा। इसके लिए एक उप समिति का गठन हुआ है। भवन निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभारी पदाधिकारी एवं श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति के प्रभारी पदाधिकारी समिति के सदस्य होंगे। इसके अतिरिक्त अब गांधी मैदान की ऑनलाइन बुकिंग होगी। प्रमंडलीय आयुक्त सह श्रीकृष्ण विकास समिति के अध्यक्ष कुमार रवि ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। गांधी मैदान की ऑनलाइन बुकिंग के लिए वेबसाइट का जल्द लोकार्पण होगा।

श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट यूजर फ्रेंडली और आसान होगी। वेबसाइट के संचालन एवं होस्टिंग एवं मेटेनेंस की व्यवस्था की जा रही है। वेबसाइट की डिजाइन आकर्षक होगी। एंड्रॉयड मोबाइल में भी यह आसानी से एक्सेस हो सकेगा।

बाहर के लोग आसान से कर पाएंगे बुक

पटना से बाहर के आयोजक यहां के गांधी मैदान की बुकिंग अब आसानी से कर सकेंगे। वेबसाइट से बुकिंग पर आरक्षण की तिथि सहित अन्य जानकारी आसानी से हासिल हो जाएगी। मैदान के चारों ओर और अंदर कैमरे की निगरानी नियमित रूप से की जाएगी। इससे पहले आयुक्त ने गांधी मैदान की बुकिंग, राजस्व संग्रहण, संचालन, प्रबंधन के लिए जिलाधिकारी सह श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति के शासी निकाय के सचिव के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समित बनाई थी। अब इसे सक्रिय करने की कवायद तेज हो गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि बसंत पंचमी से पहले डिजनीलैंड भी चालू हो जाएगा।

गांधी मैदान से सरकार की बढ़ेगी आय

गांधी मैदान में डिजनीलैंड लगने से सरकार की आय बढ़ेगी। डिजनीलैंड से राजस्व मिलने के साथ यहां लगने वाले अन्य स्टॉल से भी सरकार को राजस्व मिलेगा। इसको ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने यह निर्णय लिया है। हर शाम डिजनीलैंड में हजारों लोग आएंगे। कोरोना संक्रमण काल के बाद इसमें लगने वाले विभिन्न झूलों के शुल्क भी बढ़ने की पूरी संभावना है। हालांकि अभी इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है। डिजनीलैंड मेला लगने के बाद ही शुल्क निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा शहर के पाटलिपुत्र ग्राउंड में भी डिजनीलैंड मेला लगता है। वहां भी बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। इस स्थान पर भी लंबे समय से यह मेला लगाया जा रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!