पटना

Bihar: रोहतास में पिलर और स्लैब के बीच फंसा बच्चे को 20 घंटे बाद बाहर निकाला गया, अस्पताल ले जाते समय मौत

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Jun 8, 2023, 09:38 PM IST

बिहार के रोहतास से एक खबर सामने आई यहां सोन पुल के पिलर और स्लैब के बीच एक बच्चा फंस गया था उसे 20 घंटे बाद बाहर निकाला गया लेकिन दुखद ये रहा कि अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

Image

रोहतास में एक बच्चा पुल के पिलर में फंसा हुआ है

KEY HIGHLIGHTS
  1. रोहतास में ओवरब्रिज के पिलर और स्लैब के बीच फंसा बच्चा
  2. ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंची एसडीआरएफ टीम, रेस्क्यू जारी
  3. रेस्क्यू टीम का कहना है कि बच्चा स्वस्थ और वो रिस्पांड भी कर रहा है

बिहार में रोहतास जिले के आतिमी गांव में सोन नदी पर पुल के खंभे और स्लैब के बीच फंसे 11 साल के एक बच्चे को 20 घंटे बाद बाहर तो निकाल लिया गया लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि रोहतास जिले में मानसिक रूप से कमजोर 11 वर्षीय रंजन कुमार सोन नदी पर बने पुल के एक हिस्से में फंस गया और उसे स्लैब को काटकर वहां से निकाला गया।

सदर अस्पताल के सिविल सर्जन के एन तिवारी ने कहा, 'लड़के को सदर अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।'

रंजन बुधवार को नासरीगंज-दाउदनगर पुल पर फंस गया था।उसके पिता शत्रुघ्न प्रसाद ने स्थानीय अधिकारियों को बताया था कि मानसिक रूप से कमजोर उनका बेटा रंजन दो दिन पहले गायब हो गया था और बाद में एक महिला ने बच्चे को वहां फंसा देखा।

इससे पहले, नासरीगंज के प्रखंड विकास अधिकारी जफर इमाम ने कहा था, 'यह घटना कल घटी। लड़का नासरीगंज-दाउदनगर पुल पुल के खंभे और स्लैब के बीच फंस गया।' उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल के विशेषज्ञ दल को तत्काल बुलाया गया जो ' कल शाम से बचाव अभियान में लगा हुआ है।' उन्होंने कहा था कि फंसे हुए बच्चे को पाइप की मदद से ऑक्सीजन प्रदान की गयी।

क्या है मामला जरा समझ लें

बिहार के रोहतास में एक 12 साल का बच्चा रंजन कुमार पिछले दो दिन से लापता था, जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाशी करने लगे। इस दौरान एक महिला ने पुल के पास से रोते हुए बच्चे की आवाज सुनी तो उसके बाद ये मामला सुर्खियों में आया। इसके बाद परिजनों को बच्चे के बारे में जानकारी हुई।

बच्चे को बांस से खाना दिया गया है

बच्चा पुल के पिलर में फंसा हुआ था और गैप से वो बच्चा दिख रहा था, इस दौरान बच्चे की भूख को देखते हुए उसको बांस से खाना दिया गया वहीं उसे सांस लेने में दिक्कत ना हो इसके लिए पाइप के सहारे ऑक्सीजन पहुंचाई गई।

NDRF ने संभाला मोर्चा

मामला नासरीगंज दाऊदनगर में स्थित सोन पुल का है। यहां 11 साल का बच्चा रंजन बुधवार सुबह से घर से गायब था, गुरुवार सुबह फिर से बच्चे को बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया गया, इसके साथ ही रेस्क्यू टीम पुल को ऊपर से तोड़कर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की गई।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!