TRE 4 Recruitment Patna Protest: पटना में शनिवार को मूसलाधार बारिश के बीच भी BPSC TRE 4 अभ्यर्थियों का महा आंदोलन जारी है। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए हैं। स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है।
जदयू के सोशल मीडिया पोस्ट की फोटो लेकर प्रदर्शन करते युवा
1 लाख 20 हजार सीटों पर बहाली की मांग
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि TRE 4 के तहत 1.20 लाख सीटों पर बहाली की जाए। उनका कहना है कि राज्य में शिक्षकों की भारी कमी है, इसलिए सभी रिक्त पदों पर भर्ती निकाली जानी चाहिए। हालांकि शिक्षा विभाग ने फिलहाल केवल 26 हजार पदों के लिए ही नोटिफिकेशन जारी किया है, जिससे छात्रों में नाराजगी है। इसी को लेकर आज दोबारा पटना की सड़कों पर प्रदर्शन शुरू हुआ।
मुख्यमंत्री आवास मार्च पर रोक
आंदोलनकारी अभ्यर्थी पटना कॉलेज से मुसल्लमपुर हाट, जेपी गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहा के रास्ते मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने वाले थे। लेकिन पुलिस ने पटना कॉलेज के पास ही बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया गया। आगे जाने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए राज्य पुलिस के साथ सीआरपीएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन को मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने से पहले ही नियंत्रित किया जाए।
