पटना

Bihar Weather Update: क्या बिहार को उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत? कब होगी बारिश; यहां जानें IMD का अपडेट

Bihar Weather Update: बिहार में मानसून की दूसरी पारी भी कुछ खास अच्छी नजर नहीं आई। बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। बिहार में मानसून कमजोर पड़ा हुआ है। आने वाले दिनों में भी उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

Image

बिहार का मौसम

Photo : iStock

Bihar Weather Update: बिहार में मानसून रूठा हुआ नजर आ रहा है। कुछ दिन की झमाझम बारिश के बाद मानसून कमजोर पड़ गया। सावन के साथ एक्टिव हुए मानसून में तीन दिन तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। उसके बाद मानसून की गति फिर धीमी हो गई है। हर दिन मानसून की बदलती चाल से बिहार के लोगों परेशान होने लगे हैं। कभी बादल तो कभी धूप खिल रही है। इस बीच सबसे अधिक परेशानी किसानों को हो रही है। धान की रोपनी के दौरान अच्छी बारिश की आवश्यकता होती है। लेकिन बारिश न होने के कारण धान रोपनी रुक गई है। अन्य स्थानों पर किसानों को बोरिंग की सहायता लेनी पड़ रही है। इस बीच प्रदेश के लोग बढ़ती गर्मी और उमस से परेशान होने लगे हैं।

उमस और गर्मी के बीच बिहार के लोगों बस बारिश का इंतजार है। बता दें कि इस बार सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मानसून की दूसरी पारी में भारी बारिश की संभावना से इसकी भरपाई होने की उम्मीद जताई गई थी। लेकिन मानसून फिर कमजोर पड़ गया। बारिश की उम्मीद के बीच पटना के लोगों को गुरुवार को अजब-गजब मौसम देखने को मिला। अचानक बादल छाए फिर बूंदाबांदी हुई। लेकिन कुछ ही सेकंड में तेज धूप खिल गई। पटना में गुरुवार दिन भर में कई बार ऐसा हुआ। चिपचिपी गर्मी से परेशान बिहार के लोग पूछ रहे हैं की बारिश अब कब होगी? कब उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी? जहां बिहार के अधिकतर जिले गर्मी से बेहाल हैं, वहीं 4 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। आइए जानें आज का मौसम कैसा रहेगा -

इन चार जिलों में आज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि जहां आज बिहार के अधिकतर जिलों में लोगों को उमस भरी चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ेगा, वहीं बिहार के चार जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने शुक्रवार यानी आज नालंदा, नवादा, बक्सर और सीवान में बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच कई हिस्सों में तेज हवाओं के चलने से तापमान में कमी आने की उम्मीद है।

कब होगी बिहार में बारिश

IMD के अनुसार, बिहार में 30 जुलाई से मौसम फिर करवट लेगा और कई 12 से अधिक जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में गोपालगंज, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सारण, सिवान, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के साथ आसपास के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार ऊपर दिए गए जिलों के साथ राजधानी पटना, गया, रोहतास, औरंगाबाग, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, जहानाबाद, नवादा, नालंदा और अरवल में 31 जुलाई को बारिश होने की संभावना है। बिहार में जुलाई का अंत बारिश के साथ होने की उम्मीद जताई गई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article