Bihar Weather Today: बिहार में पिछले 15-16 दिनों से मानसून रूठा हुआ है। मानसून की बेरुखी लोगों से अब सहन नहीं की जा रही है। बिहार के लोग अच्छी बारिश की राह देख रहे हैं। लेकिन बदरा है कि बरसने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। बढ़ती गर्मी और उमस से यहां लोगों का हाल बेहाल हो गया। गर्मी से परेशान लोग बस एक ही सवाल कर रहे हैं कि बारिश कब होगी? कब उन्हें चिपचिपी गर्मी से राहत मिलेगी? मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस साल बिहार में सामान्य से कम वर्षा हुई है। दूसरी बार मानसून के एक्टिव होने के बाद अच्छी वर्षा का इंतजार था, लेकिन लोगों की उम्मीद पर मानसून ने पानी फेर दिया।
बढ़ती गर्मी में एसी, फैन और कूलर छोड़कर कोई बाहर नहीं जाना चाहता है। इस बीच किसानों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धान रोपनी के लिए किसान बारिश के इंतजार कर रहे हैं और रोपनी रुकी हुई है। बारिश की संभावना को देखते हुए धान रोपने वाले किसान अब बोरिंग के भरोसे हैं। छिटपुट वर्षा के बीच बिहार अच्छी बारिश की राह देख रहा है।
पिछले 24 घंटे में हुई इतनी बारिश
बिहार में अच्छी बारिश नहीं हो रही है। कई जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की जा रही है तो कुछ जिले ऐसे हैं जहां बारिश की बूंद भी नहीं गिर रही है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो अररिया, औरंगाबाद, जमुई, किशनगंज, नवादा, सुपौल, रोहतास और मधुबनी में हल्की बारिश दर्ज की गई है। यहां सबसे अधिक 39.6 मिमी बारिश सुपौल और मधुबनी में सबसे कम 115 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आज इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना
बिहार की राजधानी पटना सहित सुपौल, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, किशनगंज, कटिहार, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में बिजली गिरने की आशंका के साथ हल्की बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस बारिश से लोगों को गर्मी से अधिक राहत मिलने के आसार नहीं है।
इस दिन से बदलेगा मौसम करवट
बिहार का मौसम जल्द ही करवट ले सकता है। कई जिलों में बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 30 जुलाई से बिहार के मौसम में बदलाव दिखाई देगा। पटना समेत दक्षिण बिहार के अधिकतर जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, पटना, गया, जहानाबाद, नवादा, नालंदा, लखीसराय, बेदूसराय, भोजपुर, बक्सर, भभुला, शेखपुरा, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में बारिश के आसार हैं। वहीं 1 अगस्त को बांका खगड़िया, मुंगेर, जमुई और भागलपुर में बारिश की संभावना है।
