Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 7-July-2025: बिहार में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो हफ्तों तक राज्य में बारिश की गतिविधि नहीं के बराबर रहेगी, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है।
बिहार में मानसून पड़ा सुस्त
भीषण गर्मी से बढ़ी परेशानी
बारिश की कमी और उमस के चलते दिन में भीषण गर्मी का अनुभव होने लगा है। रविवार को भी राजधानी पटना सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। पटना में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में 1.4 डिग्री की अधिकतम और 0.4 डिग्री की न्यूनतम बढ़त दर्ज की गई।
बूंदाबांदी से मिली थोड़ी राहत
रविवार को राज्य के 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। गया जिले में सबसे अधिक 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पटना में केवल बूंदाबांदी देखने को मिली। इन सीमित बारिश की घटनाओं का असर तापमान पर खास नहीं दिखा।
कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों के लिए बिजली गिरने और ठनका को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी चंपारण में रविवार को हवाओं की रफ्तार 35 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। पटना में सोमवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की गतिविधि फिलहाल सीमित रहेगी। सुबह से ही सूरज के तीखे तेवरों ने गर्मी को और बढ़ा दिया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति अगले दो सप्ताह तक बनी रह सकती है, जिससे नागरिकों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है।
