Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16-September-2025: जहां एक ओर मानसून की विदाई का समय करीब आ गया है। वहीं दूसरी ओर बिहार में एक बार फिर से मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बिहार में पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग जिलों में बारिश देखने को मिल रही है। बीते दिन भी पटना, गयाजी, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी बिहार के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का भी अनुमान है। साथ ही तेज हवाएं चलने और ठनका गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज बिहार के दो जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी चंपारण और किशनगंज में आज बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश की राजधानी पटना समेत शेष अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी हुआ है। जिनमें मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। साथ ही बादल गरजने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। बिहार के सभी जिलों में आज 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। प्रदेश में आज 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास अधिकतम तापमान दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बिहार में क्यों हुई मानसून की वापसी
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी पहुंच रही है। साथ ही उत्तर बिहार में लो-प्रेशर सिस्टम बना हुआ है। जिसके कारण बिहार में मानसून ने दोबारा जोर पकड़ लिया है। 21 सितंबर तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है। साथ ही ठनका गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बिहार के सहरसा में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बिहार में बीते दिन कई जिलों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग द्वारा सोमवार शाम साढ़े पांच तक जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक बारिश सहरसा के अगवानपुर में 25.1 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा पटना में 10.6 मिमी, गयाजी में 4.4 मिमी, भागलपुर में 1.2 मिमी, मुजफ्फरपुर में 9 मिमी, मधेपुरा में 5 मिमी, समस्तीपुर में 7.5 मिमी, अररिया में 2.5 मिमी और नालंदा में 1.5 मिमी रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा दरभंगा, सुपौल और डेहरी में भी छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिली। सोमवार को बिहार में सबसे अधिक तापमान पूर्णिया में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
