Siwan Liquor Viral Video: बिहार में शराबबंदी है, लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग कार का शीशा तोड़कर शराब लूटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो सीवान जिले की है। मिली जानकारी के मुताबिक, वीडियो महाराजगंज के सिकटिया बाजार की बताई जा रही है। हालांकि, टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टी नहीं करता है।
कार छोड़कर भाग गया कार चालक
बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार गुजर रही थी, इसी दौरान लोगों को लगा कि कार से दुर्घटना हुई है। इसी वजह से कार इतनी तेजी से भगाई जा रही है। कार को रुकवाने के लिए लोग भी इसके पीछे दौड़ें, हालांकि सिकटिया बाजार में जाम होने की वजह से कार रुक गई। लोगों की भीड़ देखकर कार सवार कार छोड़ कर भाग गया।
मामले की जांच की जा रही है
जब लोगों ने देखा कि कार में शराब मौजूद हैं, तो लोगों ने बीच बाजार में ही कार से शराब लूटना शुरू कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई है। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीण शराब लूट चुके थे। वहीं, पुलिस ने कथित तौर पर कार को बरामद कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की टाइम्स नाउ नवभारत पुष्टी नहीं करता है।
