पटना

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेगी बिहार की लोक परंपरा, ट्रेनिंग प्रोग्राम से मिली नई दिशा

बिहार सरकार और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से आयोजित 3-सप्ताहीय विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारियों ने कहा कि अब राज्य के दूर-दराज़ क्षेत्रों की सांस्कृतिक प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेंगी।

Art Culture Training Program in Bihar

बिहार सरकार का आर्ट कला प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

पटना : कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों के लिए आयोजित तीन-सप्ताहीय विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन दशरथ माँझी श्रम नियोजन अध्ययन संस्थान पटना में हुआ। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिसका उद्घाटन अपर मुख्य सचिव पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग एन. विजयलक्ष्मी एवं विभाग के सचिव प्रणव कुमार राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। अपने संबोधन में विजयलक्ष्मी ने सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह हर्ष का विषय है कि अब राज्य के दूर-दराज़ क्षेत्रों की सांस्कृतिक प्रतिभाएं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेंगी। उन्होंने लोक परंपरा और शास्त्रीय कलाओं के समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया और आने वाली पीढ़ियों को सांस्कृतिक विरासत हस्तांतरित करने की प्रेरणा दी। विभाग के सचिव प्रणव कुमार राय ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तीन सप्ताह की गहन प्रशिक्षण अवधि के बाद निश्चित रूप से उनके ज्ञान में व्यापक वृद्धि हुई होगी, जो जिला स्तर पर विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगी।

इन्होंने किया कला का प्रदर्शन

समारोह में सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए। प्रशिक्षुओं द्वारा समूहों में प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों का प्रस्तुतीकरण पीपीटी के माध्यम से किया गया। मुंगेर की सुकन्या ने "कलाओं के माध्यम से युवाओं को जोड़ना", पटना की कीर्ति आलोक ने "बदलते परिवेश में संग्रहालय की भूमिका", दरभंगा के चंदन ने "फिल्मों के माध्यम से सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास", रिचा वर्मा ने "बिहार की लोक संगीत: संरक्षण से नवाचार तक" और श्री श्याम ने "हर घर एक कला" विषयों पर प्रभावी प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य निदेशक रुबी ने भी पदाधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अब यह प्रशिक्षित अधिकारी आत्मविश्वास के साथ जिले में विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करेंगे। समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन अनिल कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। विभाग से आंतरिक वित्तीय सलाहकार राणा सुजीत कुमार टुनटुन, विशेष कार्य पदाधिकारी कहकशां, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के फिल्म कंसल्टेंट अरविंद रंजन दास, खेल विभाग की जनसंपर्क पदाधिकारी नूपुर झा के साथ ही बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मीगन पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar Author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद ... और देखें

End of Article