Nalanda News: बिहार विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। नालंदा में उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने इरादे स्पष्ट करते हुए कहा कि वह बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं।
मेरे बिहार लौटने से कुछ लोगों को परेशानी- चिराग
चिराग ने सभा में यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें बिहार लौटने और चुनाव लड़ने से रोकने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं बिहार लौटना चाहता हूं, अपने राज्य और परिवार के पास रहना चाहता हूं, लेकिन कुछ लोगों को इससे परेशानी हो रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने 90 के दशक में लाखों बिहारियों को पलायन के लिए मजबूर किया था।
चिराग ने यह भी याद दिलाया कि उन्होंने जब 2020 में 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' का नारा दिया था, तब भी उनके खिलाफ साजिशें रची गई थीं। उन्होंने कहा कि आज फिर से उन्हें रोकने के लिए साजिशें की जा रही हैं। उन्होंने दोहराया कि उनका “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” का सपना आज भी जिंदा है। उन्होंने कहा कि मैं बिहार के लिए विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं ताकि उनका ये सपना साकार हो सके। चिराग ने अपने समर्थकों से अपील की कि वे एकजुट होकर बिहार को आगे बढ़ाने के लिए काम करें।
