पटना : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार अधिकार यात्रा के तहत बुधवार को मोकामा पहुंचे। बाहुबली नेता और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के गढ़ में तेजस्वी उन्हीं के रंग में दिखे। तेजस्वी यादव अपने रथ को छोड़कर घोड़े पर सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते दिखाई दिए। तेजस्वी ने अनंत सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली बार जिसको हमने जिताया था वह गद्दार निकला। तेजस्वी का इशारा सीधे अनंत सिंह की ओर था। नीलम देवी जो अनंत सिंह की पत्नी हैं वो पिछली बार आरजेडी के टिकट पर चुनाव जीती थीं, लेकिन बिहार विधानसभा में नीतीश सरकार के विश्वास मत के दौरान नीलम देवी ने नीतीश कुमार को समर्थन कर दिया था।
अपराधियों को तेजस्वी की चेतावनी
वहीं, तेजस्वी यादव ने लोगों के बीच अपने भाषण में कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो कोई भी अपराधी बाहर नहीं घूमेगा, बल्कि सलाखों के पीछे रहेगा। तेजस्वी बार बार लोगों को ये विश्वास दिलाने की कोशिश करते दिखते हैं कि 90 के दशक में आरजेडी की जो पहचान बन गई थी उससे अलग पहचान तेजस्वी बनाएंगे।
मोकामा बना हॉट सीट
एक दिन पहले ही मोकामा में अंनत सिंह और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने ताकत दिखाई थी वहाँ एक मंच पर ललन सिंह और अनंत सिंह मौजूद थे इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अनंत सिंह की खूब तारीफ़ की थी, वहीं बुधवार को वहाँ तेजस्वी यादव ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी. अनंत सिंह को मात देने की रणनीतितेजस्वी का मोकामा दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब उनके दल से विधानसभा का चुनाव जीते अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी अब राजद का साथ छोड़ चुके हैं. जनवरी 2024 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन से पाला बदलकर एनडीए में आने पर विधानसभा में शक्ति परिक्षण में नीलम देवी ने राजद से बागी होकर नीतीश कुमार का साथ दिया था। ऐसे में तेजस्वी की कोशिश अब अनंत सिंह जिन्हें उनके समर्थक छोटे सरकार के रूप में जानते हैं, उन्हें उनके इलाके में मोकामा में परास्त करना है। इसी को लेकर तेजस्वी यादव बड़ी रणनीति के साथ मोकामा विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार चयन के साथ ही जातीय समीकरण बिठाने में लगे हुए माने जा रहे हैं।
