पटना

बिहार में रेलवे विकास को नई ऊंचाई; ​3 अमृत भारत एक्सप्रेस समेत सात नई ट्रेनें हुईं शुरू​, 98 स्टेशन आधुनिक स्वरूप में होंगे तैयार

बिहार में रेलवे विकास को नई दिशा मिल रही है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सात नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों और रेलवे परियोजनाओं से बिहार की कनेक्टिविटी और यात्रा सुविधाएं बेहतर होंगी।

Image

बिहार में 3 अमृत भारत एक्सप्रेस समेत सात नई ट्रेनें शुरू (Photo: iStock)

Photo : iStock

Bihar New Trains: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना जंक्शन से और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से डिजिटल माध्यम से कुल सात नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में मुजफ्फरपुर-चर्लपल्ली, दरभंगा-मदार और छपरा-आनंद विहार ट्रेनें शामिल हैं, जो दक्षिण भारत और दिल्ली की यात्रा को और आसान बनाएंगी।

इसके अलावा पटना-बक्सर, झाझा-दानापुर, पटना-इस्लामपुर और शेखपुरा-बरबीघा-बिहार शरीफ होते हुए नवादा-पटना पैसेंजर ट्रेनों का भी संचालन शुरू किया गया। खासतौर पर शेखपुरा-बरबीघा-बिहार शरीफ रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन इस क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग थी, जो अब पूरी हुई। सम्राट चौधरी ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन आधुनिक सुविधाओं और किफायती यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन नई ट्रेनों के शुरू होने के बाद बिहार से कुल 13 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलेंगी, जिससे प्रदेश की कनेक्टिविटी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।

10,066 करोड़ रुपये का बजट

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार में रेलवे विकास को नई दिशा मिल रही है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार ने इस वर्ष बिहार के लिए रिकॉर्ड 10,066 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जो पिछली सरकारों की तुलना में नौ गुना अधिक है। इसी बजट के परिणामस्वरूप नई रेल लाइनें, दोहरीकरण, विद्युतीकरण और स्टेशन विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि रेल सुविधाओं को और सशक्त बनाने के लिए पटना जंक्शन पर नया टर्मिनल, फतुहा में मेगा कोचिंग टर्मिनल और झाझा-डीडीयू के बीच तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण की तैयारी की जा रही है।

98 स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने का काम

सम्राट चौधरी ने बताया कि बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड के दोहरीकरण और सुल्तानगंज-कटोरिया पर नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी जा चुकी है। उन्होंने गंगा नदी पर बन रहे कई रेल और सड़क पुलों का भी उल्लेख किया, जिनमें बिक्रमशिला के पास नया पुल, मोकामा में राजेंद्र सेतु के समानांतर पुल और भागलपुर के पास बिक्रमशिला और कटरिया के बीच गंगा नदी पर एक और पुल शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क और मजबूत होगा। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 3,164 करोड़ रुपये की लागत से बिहार के 98 स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि रेलवे राज्य के विकास की रीढ़ है और आने वाले वर्षों में बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में इसका महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article