Bihar Band News: बिहार में वोटर वेरिफिकेशन प्रक्रिया के विरोध में विपक्षी दलों द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का बुधवार को असर दिखने को मिल रहा है। कांग्रेस, राजद, वाम दलों और महागठबंधन के सहयोगी संगठनों ने राज्यभर में रेल और सड़क परिवहन को प्रभावित करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को राज्य के अलग-अलग इलाकों में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने वाहनों के चक्का जाम कर दिए। कई जगह ट्रेनों को भी रोक दिया गया तो कुछ जगह हाईवे बंद कर दिए गए।
जगह-जगह हो रहे प्रदर्शन (तस्वीर साभार- ANI)
प्रदर्शन के लिए विपक्ष सड़क पर
बिहार चुनाव से पहले चल रहे वोटर वेरिफिकेशन अभियान के खिलाफ विपक्ष द्वारा बुलाए गए बंद के तहत राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और पप्पू यादव इनकम टैक्स चौराहा पहुंचे। वहां से राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और दीपांकर भट्टाचार्य एक ही वाहन में सवार होकर विरोध जताते हुए चुनाव आयोग कार्यालय की ओर रवाना हुए।
बहुत सारे समर्थकों के साथ पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव हाथ में कांग्रेस पार्टी का झंडा लिए चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते दिखे। भोजपुर के बिहिया स्टेशन पर पूर्व RJD विधायक भाई दिनेश ने अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते नजर आए।
ट्रेनों को रोका, रास्तों पर जाम
प्रदर्शनकारियों ने भोजपुर के बिहिया स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस को कुछ देर के लिए रोका। राजद विधायक भाई दिनेश के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ और करीब 3 मिनट बाद ट्रेनें रवाना की गईं। सीवान में भी समर्थकों ने मुख्य सड़कों को बंद कर आवाजाही बाधित कर दी है। बेगूसराय में NH-31, पटना के मनेर में NH-30 और आरा–सासाराम मुख्य मार्ग को भी प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया। कई स्थानों पर आगजनी और नारेबाजी की गई, जिससे सैकड़ों वाहन जाम में फंस रहे हैं।
इस बंद के दौरान दरभंगा स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन को रोका गया, जहां राजद और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने वोटर वेरिफिकेशन के विरोध में सरकार के खिलाफ नारे लगाए और इस अभियान को वापस लेने की मांग की।
जहानाबाद में मेमू पैसेंजर ट्रेन को रोककर भी विरोध किया गया, हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ट्रैक से प्रदर्शनकारियों को हटा दिया गया।
