Cesarean Delivery: बिहार में हाजीपुर के सदर अस्पाल के डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने सिजेरियन डिलीवरी के दौरान एक महिला के पेट में स्पंज छोड़ दिया। हालांकि, इस बात का खुलासा तब हुआ जब महिला को पेट में दर्द होने लगा। एक निजी अस्पताल में डॉक्टर से सलाह लेने पर महिला को अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी गई। अल्ट्रासाउंड कराने पर महिला के पेट में स्पंज पाया गया।
पेट दर्द होने पर करवाया कई जगह इलाज
दरअसल, सुलेखा कुमारी पति धर्मेंद्र कुमार लालगंज प्रखंड के चिमनीपुर गांव की निवासी है। सुलेखा ने बीते 14 जुलाई को डिलीवरी के लिए सदर अस्पताल में भर्ती हुई थी। इस दौरान उसे ऑपरेशन करके बच्चा हुआ। ऑपरेशन के बाद वह घर चली गई, लेकिन कुछ दिन बाद पेट में दर्द होने लगा। पेट दर्द का कई जगह इलाज करवाया, लेकिन कहीं भी उसे आराम नहीं मिला। बाद में उसने एक निजी अस्पताल के डॉक्टर से दिखाया तो डॉक्टर ने उसे अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन करवाने की सलाह दी।
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में हुआ खुलासा
अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन करवाने के बाद रिपोर्ट में पता चला कि पीड़िता के पेट के में स्पंज छूटा हुआ है। हालांकि, निजी अस्पताल वालों ने ऑपरेशन के लिए पीड़िता से 40 हजार रुपए की डिमांड कर दी। वहीं, पीड़िता इसकी रोपोर्ट लेकर हाजीपुर के सिविल सर्जन श्यामनंदन प्रसाद के पास पहुंची। सिविल सर्जन ने रिपोर्ट देखकर कहा कि यह सब गलती से हो गया है। फिर से ऑपरेशन करके स्पंज निकाल दिया जाएगा।
महिला का होगा दोबारा ऑपरेशन
वहीं, श्यामनंदन प्रसाद ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान भूल से महिला के पेट में स्पंज छूट गया। महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। छोटा-सा ऑपरेशन करने के बाद स्पंज निकाल दिया जाएगा।
