पटना

Patna Airport Flight Bird Hit: पटना एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, दिल्ली से पटना आ रही गो एयरवेज की फ्लाइट हुई बर्ड हिट की शिकार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 3, 2023, 03:33 PM IST

Patna Airport Flight Accident: पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक पक्षी फ्लाइट से टकरा गया। इस फ्लाइट में दर्जनों लोग सवार थे। पायलट की सूझबूझ की वजह से इन सबकी जान बच गई। कुछ महीने पहले भी पायलट ने अपनी सूझबूझ से एक बड़े हादसे को टाल दिया था। एयरपोर्ट का रनवे छोटा होने एवं पास में ही चिड़ियाघर (जू) होने से अक्सर दुर्घटना की स्थिति पैदा हो जाती है।

Image

पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट हिट बर्ड की हुई है शिकार

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • फ्लाइट की विंग से पक्षी के टकराने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
  • सुबह करीब 11:30 बजे की घटना, विंग का कुछ भाग हुआ है क्षतिग्रस्त
  • फ्लाइट की जांच करेगी टेक्निकल टीम, अभी नहीं भर सकेगी उड़ान

Patna News: पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (पटना एयरपोर्ट) पर मंगलवार को लैंडिंग के दौरान फ्लाइट से एक पक्षी टकरा गया। गो एयरवेज की फ्लाइट G8-144 की विंग में पक्षी टकराया था। दिल्ली से पटना आ रही फ्लाइट में 150 से ज्यादा यात्री सवार थे। फ्लाइट की विंग से पक्षी टकराने की सूचना मिलने के बाद एयरपोर्ट के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि पायलट ने अपनी सूझबूझ से फ्लाइट को सुरक्षित रनवे पर उतार दिया। एयरपोर्ट अधिकारी के मुताबिक, यह मंगलवार की सुबह 11:30 बजे की घटना है। जब पक्षी फ्लाइट की विंग से टकराया तो जोर की आवाज हुई।

पक्षी के टकराने से फ्लाइट की विंग का कुछ भाग दब गया है। इसके अतिरिक्त फ्लाइट को कुछ नुकसान नहीं हुआ है। फ्लाइट को एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड किया गया है। अब टेक्निकल टीम फ्लाइट की जांच करेगी। फिर डीजीसीए से मंजूरी मिलने के बाद ही यह फ्लाइट उड़ान भर सकेगी।

एयरपोर्ट का ट्रैफिक हुआ प्रभावित

मंगलवार को फ्लाइट से पक्षी के टकराने की वजह से एयरपोर्ट का ट्रैफिक काफी प्रभावित हो गया। एहतियातन अधिकारियों ने कुछ समय के लिए अन्य फ्लाइटों को उड़ाने भरने से रोक दिया। सबकुछ सामान्य होने के बाद एयरपोर्ट से फ्लाइट को उड़ान भरने की इजाजत दी गई। दूसरी ओर एयरपोर्ट के बाहर अपने परिचितों का इंतजार कर रहे लोग भी काफी परेशान रहे।

स्पाइस जेट की फ्लाइट में लग गई थी आग

19 जून 2022 को पटना एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की फ्लाइट SG-723 के इंजन में आग लग गई थी। फ्लाइट के लेफ्ट इंजन में पक्षी घुस गया था। इस कारण से इंजन से चिंगारी निकलने लगी थी। फ्लाइट में 185 यात्री थे। इंजन से चिंगारी निकलते ही एटीसी की नजर पड़ गई थी। इस वजह से पायलट द्वारा फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई थी। फ्लाइट ने उक्त दिन दोपहर 12:03 बजे टेकऑफ किया था। उड़ान भरने के साथ तेज आवाज हुई और इंजन से आग की लपटें निकलतीं दिखने लगी थीं। इसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बता दें पटना एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई काफी कम है। इसके साथ ही एयरपोर्ट के ठीक बगल में जू है। इस कारण आए दिन पक्षी फ्लाइट से टकराते रहते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article