पटना

Best Market to Visit in Patna 2023: पटना में संक्रांति को लेकर सजा बाजार, यहां से करें जमकर कर खरीदारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 5, 2023, 02:12 PM IST

Best Food Market to Visit in Patna: मकर संक्रांति को लेकर राजधानी का बाजार फिर से सज गया है। दिसंबर के अंतिम हफ्ते से ही शहर के चौक-चौराहों पर तिलकुट के बाजार सज जाते हैं। गया समेत कई जगहों से कारीगर यहां आकर तिलकुट बनाते हैं। इसके अलावा संक्रांति से जुड़ी अन्य चीजों की भी खूब बिक्री होती है।

Image

पटना का तिलकुट, जिसकी संक्रांति पर होती है खूब खरीदारी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • पटना के मीठापुर, अनीसाबाद, बोरिंग रोड स्थित दुकानों से कर सकते हैं खरीदारी
  • औषधीय चीजों से बना तिलकुट भी बाजार में उपलब्ध
  • पटना से बाहर रहने वाले लोग पैक कराकर ले जाते हैं तिलकुट एवं गजक

Best Market to Visit in Patna 2023: दो साल के कोरोना संक्रमण काल के बाद इस बार खूब उत्साह से मकर संक्रांति मनाई जाएगी। इसको लेकर शहर में तिलकुट, तिल, गुड़, चुड़ा आदि की दुकानें लग गई हैं। कई स्थानीय दुकानों में भी सिर्फ तिलकुट एवं संक्रांति में खाए जाने वाले अन्य व्यंजनों को बनवाया जा रहा है।

पटना में आधा दर्जन ऐसे इलाके हैं, जहां की तिलकुट, तिल, गुड़ अच्छे होते हैं। इसमें आप बोरिंग रोड से तिलकुट की खरीदारी कर सकते हैं। यहां कई तरह के तिलकुट मिलते हैं। सबके अलग-अलग दाम भी हैं। चीनी और गुड़ के तिलकुट के अलावा खोवा, मेवा, काजू समेत कई तरह के तिलकुट बिकते हैं।

इम्यूनिटी पावर बढ़ाने वाला तिलकुट

मीठापुर में चुम्मी भाई तिलकुट की दुकान है। इनके यहां औषधीय चीजों से तिलकुट बनाया जाता है। कहा जाता है कि अश्वगंधा, मुलेठी, सौंफ, लौंग डालकर तिलकुट बनाया जाता है। ताकि उपभोक्ताओं की इम्यूनिटी पावर बढ़े, जिससे कोरोना संक्रमण का उन पर दुष्प्रभाव नहीं पड़ेगा। पिछले दो साल से यह दुकान भी काफी चर्चा में है। यहां 320 रुपए प्रति किलो तिलकुट बिकता है। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में तिलकुट की कई प्रसिद्ध दुकानें हैं। मीठापुर गुमटी के पास भोंदू साव की तिलकुट की दुकान है। यह दुकान 1945 से संचालित की जा रही है। पटना एवं आसपास के क्षेत्र से बाहर जाने वाले लोग यहां से तिलकुट पैक कराकर ले जाते हैं।

अनीसाबाद में भी बड़ा एवं बेहतर बाजार

मकर संक्रांति पर्व पर तिलकुट एवं अन्य चीजों की खरीदारी के लिए अनीसाबाद भी बेहतर बाजार है। यह थोक बाजार है और यहां पर संक्रांति को लेकर कई दुकानें लगती हैं। इनमें से सबसे बेहतर लाल मंदिर स्थित दुकान है। यहां से तिलकुट पटना के अलग-अलग इलाकों के अलावा शहर के बाहर भी जाता है। ऐसी भी चर्चा है कि इस दुकान का तिलकुट राष्ट्रीय स्तर के कई राजनेताओं को भेजा जाता है।

पाटलिपुत्र गोलंबर पर भी दुकान

पाटलिपुत्र गोलंबर पर एक छोटी सी दुकान है। इस दुकान के तिलकुट का स्वाद जबरदस्त होता है। यहां भी तिलकुट के कई वैरायटी मिल जाती हैं। यहां से आप खोवा का अनरसा, गोल गजक आदि भी खरीद सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article