Ambala News: हरियाणा के अंबाला में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। आरोपी पर भारतीय वायुसेना से जुड़े संवेदनशील इलाकों की जानकारी साझा करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है और उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध जानकारियां सामने आने की बात कही है।
पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप
डीएसपी क्राइम वीरेंद्र कुमार के मुताबिक, अंबाला पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि एक संदिग्ध व्यक्ति रक्षा क्षेत्र, खासकर एयरफोर्स स्टेशन से जुड़ी सूचनाएं साझा कर रहा है। पूछताछ के दौरान उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसमें कई संदिग्ध फोटो और जानकारियां पाई गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान सुनील उर्फ सनी के रूप में हुई है, जो अंबाला का रहने वाला है। वह वर्ष 2020 से एक ठेकेदार के तौर पर एयरफोर्स स्टेशन में मरम्मत से जुड़ा काम करता था। इसी दौरान वह कथित तौर पर एयरफोर्स परिसर की तस्वीरें लेने और जानकारियां साझा करने लगा।
हिरासत में आरोपी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक महिला के संपर्क में था, जो उससे लगातार जानकारियां मांगती थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपने मोबाइल डिवाइस के जरिए ये सूचनाएं एक पड़ोसी देश को भेजीं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह आरोपी का बयान है और सभी पहलुओं की तकनीकी व फॉरेंसिक जांच की जा रही है।डीएसपी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उसके पिता भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। फिलहाल आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामला शुरुआती जांच के चरण में है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि जासूसी नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
