शहर

ओडिशा में सड़क हादसों का कहर; अलग-अलग दुर्घटनाओं में 7 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

रविवार को ओडिशा के अलग-अलग जिलों में हुए कई सड़क हादसों ने राज्य को दहला दिया। अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य चलाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Image

ओडिशा में कई सड़क दुर्घटनाएं हुईं

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Odisha Road Accidents: रविवार को ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, संबलपुर जिले के धनुपाली थाना क्षेत्र में एनएच-55 पर एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने बर्ला मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सोनपुर जिले के बिनीका क्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल एक वैन से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

तीसरी घटना अंगुल जिले के बनारपाल थाना क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार दो दोस्तों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उसी दिन गंजाम जिले के दिगपहंडी थाना क्षेत्र के झाटीपिटिया के पास मिनीबस और वैन की आमने-सामने टक्कर में 15 से अधिक लोग घायल हो गए।

पुलिस और फायर सर्विस कर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके अलावा, गजपति जिले के आर उदयगिरि थाना क्षेत्र में महेंद्रगढ़ के पास एक मोटरसाइकिल पुल से करीब 25 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article