नोएडा

नोएडा में दर्दनाक हादसा; सेप्टिक टैंक में गिरने से 2 भाइयों की मौत, परिवार में पसरा मातम

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। घर के सेप्टिक टैंक में गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक पड़ोसी गंभीर रूप से घायल है। हादसे ने पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा फैला दिया।

Image

दो भाइयों की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Noida Septic Tank Accident: नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, यहां दो सगे भाइयों की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। डायल-112 के जरिए मिली जानकारी के अनुसार, चोटपुर कॉलोनी में दो व्यक्ति अपने घर के सेफ्टी टैंक में गिर गए थे। पुलिस से मिली जानकारी से यह पता चला है कि, दोनों सगे भाई मृतक चंद्रभान (40) और राजू (26), मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले थे और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर की चोटपुर कॉलोनी में अपने घर में रह रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों सगे भाई खोड़ा क्षेत्र में कार पेंटर का काम करते थे। बताया जा रहा है कि घर में बने सेफ्टी टैंक की पटिया अचानक टूट जाने से चंद्रभान उसमें गिर गया। ऐसे में, अपने बड़े भाई को बचाने के लिए राजू भी टैंक में उतर गया, लेकिन अंत में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से वह भी बाहर नहीं निकल सका।

दोनों को बचाने की कोशिश में पड़ोसी हेमंत ने भी टैंक में उतरने का प्रयास किया, लेकिन दम घुटने की वजह से नीचे नहीं जा सका। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत के बाद परिवार और इलाके में मातम छा गया है।

राहत टीम ने कटर की मदद से फर्श काटकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इन दिनों दिल्ली एनसीआर के आसपास के इलाकों से सेप्टिक टैंक में गिरने खासतौर से बच्चों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article