नोएडा

Noida Traffic: नोएडा में 15 दिन के 'यातायात अभियान' के दौरान काटे गए 58,685 चालान

  • Agency by: Agency
  • Updated May 15, 2023, 10:13 PM IST

Noida Traffic Challans: पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 28 अप्रैल को शुरू किया गया, 'सड़क का अनुशासन -1' नामक अभियान विशेष रूप से गलत लेन में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग की जांच पर केंद्रित था।

Image

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 15 दिनों के अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए कुल 58,685 चालान काटे गए

उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 15 दिनों के अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए कुल 58,685 चालान काटे गए। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।आंकड़ों के मुताबिक, औसतन प्रतिदिन 3,900 से अधिक चालान काटे गए। पुलिस ने इस दौरान करीब एक हजार वाहन भी जब्त किये।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान की अवधि के दौरान 58,685 चालान काटे गए। इनमें से 7,792 चालान गलत लेन में वाहन चलाने के लिए और 14,430 पार्किंग उल्लंघन के लिए किए गए थे।

इस दौरान, यातायात पुलिस 1,128 वाहनों को खींचकर (टो करके) ले गयी और 996 वाहनों को नियमों के उल्लंघन के लिए जब्त कर लिया गया, जबकि पखवाड़े के दौरान पांच मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस उपायुक्त (यातायात) अनिल कुमार यादव ने कहा कि अभियान प्रभावी रहा है और भविष्य में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात नियमों को लागू करने के लिए इससे सीख ली जाएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!