Noida MBBS Racket: नोएडा में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने का झांसा देकर एक युवती से 17 लाख रुपये ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ठगी की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपना ऑफिस बंद कर फरार हो चुके हैं। पीड़ित युवती ने जालसाजी के इस मामले में शहर के थाना सेक्टर-126 में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, ये आरोपी यहां पर एमबीबीएस के नाम पर जालसाजी का बड़ा रैकेट चला रहे थे।
नोएडा पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मूलरूप से लखनऊ की रहने वाली है। पीड़िता की तरफ से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया हे कि, एमबीबीएस में दाखिला लेने के लिए वह ऑनलाइन सर्च कर रही थी। इसी दौरान उसे सेक्टर-125 स्थित एक ऑफिस का एड्रेस और फोन नंबर मिला। दिए गए नंबर पर फोन करने पर कॉल जय नामक व्यक्ति ने उठाया। उसने कर्नाटक के एक कॉलेज की एमबीबीएस सीट पर दाखिला दिलाने की बात कही। इसके बाद पीड़िता ने नोएडा के ऑफिस आकर आरोपियों से बातचीत की। पीड़िता ने बताया कि, उसे एमबीबीएस में दाखिले का झांसे देकर आरोपी व उसके साथियों ने उससे 17 लाख रुपये ले लिए।
