Noida: नोएडा पुलिस को गैंगरेप के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। बीते साल जुलाई माह में हुए गैंगरेप के मामले में नोएडा पुलिस छह माह बाद एक मोबाइल के माध्यम से आरोपी तक पहुंची और उसे दबोच लिया। दरअसल, आरोपी गैंगरेप की शिकार महिला का मोबाइल वारदात के बाद अपने साथ ले गए थे। घटना के बाद से यह मोबाइल बंद पड़ा था। पुलिस लगातार आरोपियों को ट्रैक करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। 2 जनवरी को आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल ऑन कर दिया। मोबाइल के चालू होते ही पुलिस ने आरोपी को ट्रैक कर दबोच लिया।
नोएडा पुलिस ने अपनी इस सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि, जुलाई 2022 में एक महिला के साथ गैंगरेप का मामला दर्ज हुआ था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि, आरोपी वारदात के बाद उसका मोबाइल भी अपने साथ ले गए थे। घटना के बाद से भी पुलिस ने पीड़िता के मोबाइल को ट्रेस करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन आरोपी मोबाइल को ऑन नहीं कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बीते 2 जनवरी को पीड़िता का मोबाइल ऑन कर दिया। जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को नोएडा सेक्टर -88 के फूलमंडी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने पीड़िता का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। वहीं, आरोपी की पहचान, जयवंत और अभय के तौर पर हुई है, दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा साले हैं।
यह है पूरा मामला
नोएडा पुलिस के अनुसार, आरोपी जसवंत अपने साले अभय के साथ नोएडा के फेज-2 में 21 जुलाई, 2022 को एक महिला के साथ गैंग रेप की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता का मोबाइल फोन और पर्स भी अपने साथ ले गए थे। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस इन आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की छानबीन करने के अलावा करीब एक हजार लोगों से पूछताछ की, लेकिन इन दोनों का पता नहीं चल पाया। पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी को एक आरोपी ने जैसे ही महिला का चुराया फोन ऑन किया, पुलिस के पास अलर्ट पहुंच गया। इससे पहले की आरोपी भाग पाते, पुलिस ने आरोपी जयवंत को दबोच लिया। वहीं आरोपी अभय अभी फिलहाल फरार है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी फेज 2 में एक चाय की दुकान चलाते थे।
