नोएडा

Noida Hit and Run Case: नोएडा में भी कंझावला जैसी वारदात, डिलीवरी बॉय को आधा किमी घसीट ले गया कार सवार, मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 5, 2023, 02:04 PM IST

Noida Horror Run: नोएडा में दिल्‍ली बॉर्डर के पास सेक्‍टर-14 ए फ्लाईओवर पर एक कार सवार ने पहले बाइक सवार को टक्‍कर मारी और फिर 500 मीटर तक अपने साथ घसीट कर ले गए। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक इटावा का रहने वाला था और यहां स्विगी में फूड डिलीवरी बॉय का काम करता था।पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Image

Noida Hit and Run Case: नोएडा में भी कंझावला जैसी वारदात, डिलीवरी बॉय को आधा किमी घसीट ले गया कार सवार, मौत

KEY HIGHLIGHTS
  • सेक्‍टर-14 ए फ्लाईओवर पर एक जनवरी को हुआ था हादसा
  • कार में फंसने के बाद 500 मीटर तक घसीटा गया बाइक सवार
  • सीसीटीवी में नजर आई कार, लेकिन तस्‍वीर नहीं है साफ


Noida Horror Run: दिल्ली के कंझावला हादसे की तरह नोएडा में ही भी हिट एंड रन का एक डरावना मामला सामने आया है। शहर के सेक्‍टर-14 ए में फ्लाईओवर के पास हुए हादसे में एक कार एक बाइक सवार को घसीटता हुआ 500 मीटर तक ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कार सवार मौके से फरार हो गया। मृतक युवक की पहचान इटावा के रहने वाले 24 साल के कौशल यादव के रूप में हुई है। कौशल नोएडा और दिल्ली में स्विगी की तरफ से फूड डिलीवरी बॉय का काम करता था। कौशल की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी।

इस हादसे के संबंध में मृतक के भाई अमित कुमार ने नोएडा के थाना फेज-1 में मामला दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी की रात करीब एक बजे उसने अपने भाई कौशल को फोन किया। फोन को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया और बताया कि उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। उस व्‍यक्ति ने अमित को बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने सेक्टर-14 फ्लाईओवर के पास उसके भाई को पहले टक्कर मारी और फिर अपने साथ घसीटा हुआ शनि मंदिर सड़क तक ले गया। अमित ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के जब वह शनि मंदिर पहुंचा, तो वहां पर कौशल का शव पड़ा हुआ था। उस समय घटनास्‍थल पर पुलिस भी मौजूद थी।

दिल्‍ली-नोएडा बॉर्डर के पास हादसा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

नोएडा पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार जिस जगह तक कार ने शव को घसीटा, वहां पर बने गौशाला और शनि मंदिर के बाहर सीसीटीवी लगे हैं। पुलिस ने दोनों जगहों के सीसीटीवी फुटेज जब्‍त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों जगह की सीसीटीवी फुटेज देखी गई है, लेकिन रात में घना कोहरा होने के कारण कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा है। इस फुटेज में कार तो दिख गई है, लेकिन वह साफ नहीं दिख रही। जिसके कारण अब पुलिस दिल्ली और नोएडा की तरफ मुख्य सड़क पर लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जहां पर यह हादसा हुआ, उससे चंद कदमों की दूरी पर ही दिल्ली बॉर्डर शुरू हो जाता है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article