नोएडा

नोएडा में बीच सड़क पर गुंडागर्दी, युवक को बुरी तरह पीटकर थार से रौंदा; हालत गंभीर

नोएडा में एक युवक के साथ मारपीट के बाद उसे थार से रौंदने की कोशिश की गई। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इसपर संज्ञान लिया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Image

थार ने युवक को रौंदा

Noida News: नोएडा के सेक्टर-53 इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक हाई स्पीड थार ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के अनुसार युवक को पहले बुरी तरह से पीटा गया, फिर उसे जान से मारने के लिए थार से रौंदने की कोशिश की गई। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-53 की है। बताया गया कि कुछ युवकों के बीच पहले कहासुनी और मारपीट हुई, जिसके बाद हमलावर युवक ने थार गाड़ी को तेजी से युवक की ओर दौड़ाया और उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क से उछलकर नाली में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद नोएडा पुलिस ने इसका संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में आसानी होगी और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article