नोएडा

Noida Covid New Guidelines: नोएडा का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर विदेश से आए लोगों पर निगरानी के लिए घर-घर पहुंचेगी डॉक्टर्स की टीम

Noida Covid New Guidelines & Rules in Hindi: नोएडा में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। नोएडा पुलिस भी मास्क को लेकर लोगों को जागरुक करती नजर आएगी। नोएडा में कई सोसाइटियों में बिना मास्क के एंट्री बंद है। गौतमबुद्धनगर की स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण अभियान में तेजी लाने जा रही है। विदेश से लौटे लोगों की निगरानी की जाएगी।

Image

कोविड से लड़ने के लिए नोएडा के स्वास्थ्य विभाग ने बनाया प्लान

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • सभी अस्पतालों में जांच का दायरा बढ़ाने का निर्देश
  • प्रतिदिन एक हजार लोगों की जांच शुरू करने की तैयारी
  • गौतमबुद्धनगर के 17 निजी अस्पतालों में कोविड का हो सकेगा इलाज

Noida Covid New Guidelines & Rules in Hindi: गौतमबुद्धनगर के 17 निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज की सुविधा शुरू की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों के नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिए हैं। सीएमओ की अध्यक्षता में नोडल अधिकारियों की बैठक में संक्रमण से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, सभी निजी अस्पतालों को जांच संख्या और बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। विदेश से लौटे लोगों के घर जाकर उनके स्वास्थ्य की जांच करते रहने के लिए डाक्टर्स की टीम बनाई गई है।

बता दें कि, फिलहाल जिले में हर दिन कोरोना की 500 जांच हो रही हैं, इसे दोगुना करने की तैयारी है। इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल रूम, बेड की उपलब्धता के लिए डॉ. मनोज कुशवाहा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। होम आइसोलेशन की व्यवस्था डॉ. ललित कुमार देखेंगे, सर्विलांस और विदेशी यात्रियों की ट्रैकिंग का काम डॉ. टीकम सिंह को सौंपा गया है। एक्टिव केस सर्च का काम डॉ. अशोक कुमार व सैंपलिंग का कार्य डॉ. अमित एवं वर्तिका गुप्ता करेंगे। सैनिटाइजेशन का जिम्मा राजेश सिंह व डॉ. श्रुति संभालेंगे। ऑक्सीजन की उपलब्धता डॉ. आरके सिंह और श्वेता खुराना और वैक्सीनेशन का कार्य डॉ. आरके सिंह व डॉ. उबैद कुरैशी संभालेंगे।

17 निजी अस्पतालों में 10-10 बेड आरक्षित

सरकारी अस्पताल में बूस्टर डोज लगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर टीकाकरण के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कुशवाहा के अनुसार, 17 निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्हें 10 बेड आरक्षित करने के लिए कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इनमें कोविड के मरीजों का इलाज हो सके। लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग व सेनेटाइजेशन और मास्क लगाने पर ध्यान देने की जरूरत है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कुशवाहा ने कहा कि कोविड के लक्षण आने पर जांच अवश्य करवाएं।

यहां करा सकते हैं इलाज

जानकारी के लिए बता दें कि, चीन व अन्य देशों से आए लोगों की निगरानी के लिए डॉक्टरों की टीम बना दी गई है। ये टीम एयरपोर्ट अथॉरिटी से विदेश से आने वाले लोगों की सूची लेकर घर-घर जाकर जांच किया करेगी। साथ ही, आरडब्ल्यूए से भी मदद ली जा सकती है। सेक्टर-39 स्थित कोविड अस्पताल, जिम्स, शारदा अस्पताल, निम्स, सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी हॉस्पिटल, चाइल्ड पीजीआई, एनटीपीसी दादरी और 17 निजी अस्पतालों में मरीजों को इलाज की सुविधा दी जाएगी।

Times Now Digital
Times Now Digitalauthor

Professionals & enthusiasts who write about politics to science, from economy to education, from local issues to national events and global affairs, they have you covered.

और पढ़ें
End of Article