नोएडा

CM योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट 'Noida International Film City' को लेकर आया बड़ा अपडेट, इस दिन होगा शिलान्यास, 1000 एकड़ भूमि होगा विकास

यूपी के सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी का काम जल्द शुरू होने वाला है। बताया जा रहा है कि 16 जून को इसका शिलान्यास किया जाएगा और 1 हजार एकड़ भूमि में इसका विकास किया जाएगा।

Image

सीएम योगी

Noida International Film City: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट "नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी" को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का शिलान्यास अब जल्द ही होने जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 16 जून 2025 को इसका शिलान्यास प्रस्तावित किया गया है। इस दिन के बाद फिल्म सिटी के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की जा सकती है।

1000 एकड़ जमीन पर बनेगा इंटरनेशनल फिल्म सिटी

नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी को उत्तर प्रदेश को एक ग्लोबल फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे विकसित किया जाएगा और कुल 1000 एकड़ भूमि में फैला होगा। पहले फेज में कुल 230 एकड़ में निर्माण कार्य किया जाना है, जिसे तीन भागों में विभाजित किया गया है। पहले सब-फेज में 80 एकड़ भूमि पर फिल्म स्टूडियो, प्रशिक्षण संस्थान, प्रोडक्शन हब और अन्य बुनियादी ढांचा सुविधाएं तैयार की जाएंगी।

पहले चरण को 18 महीने में काम पूरा न होने पर लगेगा जुर्माना

इस परियोजना के पहले चरण का निर्माण कार्य 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत निर्माण कार्य में देरी होने की स्थिति में प्रतिदिन 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान भी रखा गया है, जिससे काम की रफ्तार बनी रहे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण बेव्यू ग्रुप और भूटानी ग्रुप द्वारा किया जाएगा। दोनों ग्रुप्स को मिलकर फिल्म सिटी का विस्तृत लेआउट प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जो अब पूरा हो चुका है। फिल्म सिटी का उद्देश्य न सिर्फ भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है, बल्कि राज्य में रोजगार के अवसरों को भी बढ़ाना है।

हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

इसके निर्माण से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही यह प्रोजेक्ट पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में भी राज्य की छवि को निखारने का काम करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस प्रोजेक्ट की निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फिल्म सिटी का निर्माण कार्य शुरू होते ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा का फिल्म व मनोरंजन जगत में महत्व तेजी से बढ़ेगा। 16 जून को होने वाले शिलान्यास समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इस ऐतिहासिक क्षण का प्रदेशवासियों को बेसब्री से इंतजार है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें