Noida News: नोएडा क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और उससे हो रहीं परेशानियों को देखते हुए एक बार फिर से नोएडा प्राधिकरण एक्शन मोड में आने वाला है। प्राधिकरण द्वारा अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने के लिए अभियान चलाएगा। इसको लेकर प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर 28, 29 और 37 में सर्वे शुरू करा दिया है। सर्वे पूरा हो जाने के बाद अतिक्रमण ध्वस्त किए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण का कहना कि, शहर की तमाम हाउसिंग सोसाइटीज के फ्लैट में अवैध निर्माण कर लिया गया है। अगले 15 दिनों के अंदर प्राधिकरण हर क्षेत्र में एक सर्वे करवाएगा। ताकि बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन का पता चल सके। इसके बाद बायलॉज का उल्लंघन करने वाले सभी मकान मालिकों को नोटिस भेजा जाएगा।
प्राधिकरण के मुताबिक, संबंधित सेक्टर से लोग एक-दूसरे के अतिक्रमण के बारे में लगातार शिकायत कर रहे हैंं। इस कारण अब पूरे सेक्टरों के अवैध अतिक्रमण को लेकर सर्वे शुरू करवाया गया है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद अतिक्रमण हटाए जाएंगे। पहले मालिकों से अपील की जाएगी की वह खुद अपना अवैध कब्जा हटा लें, ऐसा न करने पर प्राधिकरण का बुलडोजर चलेगा।
पहले भी एक बार कराया गया था सर्वे
बता दें कि सेक्टर-28 में अवैध अतिक्रमण को लेकर एक एडीएम और कर्नल के बीच भी विवाद हुआ था। इसके बाद प्राधिकरण ने यहां कुछ कार्रवाई की थी। उस वक्त भी अतिक्रमण का सर्वे कराया गया था। तब हजारों फ्लैटों में अतिक्रमण पाया गया था। प्राधिकरण ने खुद अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया था। अब फिर नए सिरे से सर्वे कर कार्रवाई की जाएगी।
इन सेक्टर से हटाया जाएगा अतिक्रमण
प्राधिकरण के मुताबिक शहर के सेक्टर-26, सेक्टर-27, सेक्टर-28, सेक्टर-29, सेक्टर-30, सेक्टर-31, सेक्टर-33, सेक्टर-34 और सेक्टर-37 में फ्लैटों में अवैध निर्माण करने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण हटाया जाएगा। फिर अन्य सेक्टरों में सर्वे करवाया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा के भनौता में हटाया गया अतिक्रमण
बुधवार की सुबह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भनौता में अतिक्रमण हटवाया है। छह हजार वर्ग मीटर जमीन खाली कराई गई है। भनौता के खसरा नंबर 394 और 395 की जमीन पर अवैध कब्जा चल रहा था। कॉलोनी में रहने वाले लोग अवैध कॉलोनी विकसित कर जमीन कब्जाने का प्रयास कर रहे थे। अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन की कीमत 12 करोड़ रुपये है। अतिक्रमण हटाने का अभियान दो घंटे तक चला।
