Noida Bhangel Elevated Road: नोएडावासी भंगेल एलिवेटेड रोड के पूरा होने का इंतजार करते-करते अब थक चुके हैं। यह रोड बीरबल की खिचड़ी बनती जा रही है, जिसके बनने का सब इंतजार कर रहे हैं लेकिन ये पूरा होने का नाम ही नहीं ले रही है। जिस एलिवेटेड रोड के बनने से लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद थी, अब वहीं उनके परेशानी का सबब बन गई है। वैसे तो इस परियोजना को दिसंबर 2022 तक तैयार हो जाना था। लेकिन अभी तक यह अधूरी ही पड़ी है। जिसका नतीजा ये है कि लोगों को रास्तों पर गंदगी और जाम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। इस अधूरी परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ संजय खत्री ने निर्देश दिए हैं।
एसीईओ संजय खत्री ने सोमवार को डीएससी रोड पर बन रहे इस एलिवेटेड प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। जिसमें पता चला कि रोड पर लगने वाले कुल 340 स्ट्रीट लाइट पोल में से अभी तक केवल 90 ही लग पाए हैं। एसीईओ ने इस काम को तेजी से पूरा करने के आदेश दिए। इसके अलावा बरौला के पास चौहान टावर के सामने सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। जिसकी मरम्मत कराने को कहा है। उन्होंने एलिवेटेड रोड से गिरने वाले बारिश के पानी को वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम से भूजल में मिलाने की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।
सात दिनों में नाले की सफाई के निर्देश
एसीईओ ने अगले सात दिनों में पिलर नंबर 98 से 103 तक मुख्य नाले की सफाई सुपर सकर मशीन से कराने का कहा है है। साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि अगर रोड के नीचे कूड़े के ढेर दिखते हैं, तो कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जाए। निरीक्षण के दौरान उन्हें सेक्टर-108 की डिवाइन सोसाइटी के पास गंदगी दिखाई दी, जिसपर एसीईओ ने सफाईकर्मी और सुपरवाइजर की सेवाएं समाप्त करने और संबंधित एजेंसी पर ₹50,000 का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
भंगेल एलिवेटेड रोड परियोजना कब शुरू हुई?
गौरतलब है कि भंगेल एलिवेटेड रोड परियोजना जून 2020 में शुरू हुई थी। जिसकी लागत अब 468 करोड़ रुपये से बढ़कर 608 करोड़ हो चुकी है। अधूरे काम की वजह से भंगेल का बाजार अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां सड़कें टूटी हुई हैं, जलभराव और गंदगी के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। अधूरा काम होने की वजह से भंगेल के व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही है।
