नोएडा

Noida: नोएडा सेक्टर 150 में बनेगा एम्यूजमेंट पार्क, 35 एकड़ में खेलकूद, मनोरंजन के होंगे सभी साधन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 4, 2023, 05:52 PM IST

Noida: नोएडा एवं इसके आसपास के क्षेत्र के लोगों को इस साल बड़ी सौगात मिलने वाली है। लोगों को मौज-मस्ती करने के लिए एम्यूजमेंट पार्क मिलने वाला है। इसके निर्माण का मुहर लग गई है। बहुत जल्द नोएडा के सेक्टर-150 में एम्यूजमेंट पार्क का निर्माण भी शुरू हो जाएगा।

Image

नोएडा के सेक्टर-150 में बनेगा एम्यूजमेंट पार्क

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • नोएडा प्राधिकरण का प्लानिंग सेक्शन बनाएगा पार्क की डिजाइन
  • सर्किल-10 ने भेजा है प्रस्ताव बनाकर
  • ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट और नोएडा के करीब प्रस्तावित जमीन

Noida: नोएडा के सेक्टर-150 में एम्यूजमेंट पार्क बनेगा। इससे नोएडा के अलावा एनसीआर क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। यहां आकर लोग खेलकूद एवं मनोरंजन की गतिविधियों का लुत्फ उठा सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण द्वारा यह पार्क विकसित किया जाना है। प्राधिकरण का प्लानिंग सेक्शन जल्द ही पार्क की डिजाइन तैयर कर लेगा। सर्किल 10 द्वारा इसका प्रस्ताव बनाया गया है। अब यह प्रस्ताव प्लानिंग विभाग को भेजा जा रहा है।

प्लानिंग विभाग में जमीन चिह्नित की जाएगी। फिर पार्क का डिजाइन तैयार किया जाना है। तब सलाहकार कंपनी गठित की जाएगी और आगे की कार्यवाही शुरू होगी। गौरतलब है कि प्लानिंग सेक्शन के मुताबिक, 35 एकड़ में पार्क बनाने की योजना है, जिस वजह से नोएडा के सेक्टर-150 को चुना गया है। यह जगह ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट और नोएडा के करीब है। इस कारण यहां लोग आसानी से पहुंच सकेंगे।

पार्क में एंट्री का तय होगा शुल्क

इस पार्क में एंट्री लेने के लिए लोगों को तय शुल्क अदा करना होगा। हालांकि अभी इस पर चर्चा नहीं हुई है। यह तय किया गया है कि, पार्क में कमर्शियल एक्टिविटी के लिए भी जगह दी जाएगी, जिससे नोएडा प्राधिकरण की आय बढ़े। यह पूरा पार्क पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बनाए जाने की उम्मीद है। इस सेक्टर में ही शहीद भगत सिंह पार्क बनाने की भी योजना है। इस पार्क के लिए भी प्लान बनाया जा रहा है। वैसे इसकी जमीन विवादित होने के कारण अभी योजना स्थिर पड़ी है। पहले यह पार्क नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन बना रहा था।

नोएडा में यहां भी बन रहे पार्क

नोएडा के महामाया के पास जू थीम पर पार्क बनाया जा रहा है। सेक्टर-78 में वेदवन पार्क बन रहा है। इसके निर्माण पर 27.40 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सेक्टर-137 में डॉग पार्क बनाया जा रहा है। इसका निर्माण 2.27 करोड़ रुपए से हो रहा है।

इन वेट लैंड में भी घूम सकते हैं आप

नोएडा में घूमने के लिए कुछ वेट लैंड बनाए गए हैं। इनमें से एक सेक्टर-54 में है। यह 17 एकड़ में बना है। इसका निर्माण 4.86 करोड़ रुपए से किया गया है। सेक्टर-91 में 60 हजार वर्गमीटर में वेट लैंड बना है। इसे 5.12 करोड़ रुपए से बनाया गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article