शहर

Noida: STF ने किया ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार, बम धमकियों के भी मिले सुराग

नोएडा पुलिस की एसटीएफ टीम ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के जरिए ठगी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के बम धमकियों से जुड़े होने की भी संभावना सामने आई है। ये गिरोह गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में अवैध कॉल सेंटर के माध्यम से काम कर रहा था।

Image

एसटीएफ ने नोएडा में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का किया भंडाफोड़ (प्रतीकात्मक फोटो)

Noida News: उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ), नोएडा इकाई ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के माध्यम से ठगी करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के बम धमकियों से जुड़े होने की भी संभावना सामने आई है। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भारत और नेपाल के नागरिक शामिल हैं, जो गाजियाबाद के इंदिरापुरम और ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी इलाके में अवैध कॉल सेंटर के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहे थे। इसके अलावा, गौतमबुद्ध नगर के कुछ निजी स्कूलों को मिली बम धमकियों की जांच के दौरान पता चला कि धमकी भरे ई-मेल अमेरिका से भेजे गए थे, लेकिन तकनीकी जांच में उनके रिकवरी मेल का संबंध बांग्लादेश और भारत से पाया गया।

बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल नोएडा के विभिन्न स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के ‘रिकवरी मेल’ के लिए किया गया था। जांच में इस मोबाइल की लोकेशन बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी इलाके में पाई गई, जिसके आधार पर एसटीएफ ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार देर शाम एसटीएफ टीम ने शाहबेरी स्थित आरोपियों के ठिकाने पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए।

फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर ग्राहकों से संपर्क

पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के लिए कॉल सेंटर चला रहे थे और अमेरिकी नामों जैसी फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर ग्राहकों से संपर्क कर रहे थे। आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप में बड़ी संख्या में ऐसी ई-मेल आईडी की लॉगिन जानकारी मिली। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपनी असली लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन और ऐप का इस्तेमाल किया। गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल निवासी मुख्य आरोपी अमीष जंग कारकी, लेखनाथ शर्मा और केदारनाथ, आगरा निवासी अनन्त कुमार और बिहार निवासी दिव्यांशु व साहिल कुमार शामिल हैं। इनके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

मामले की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन, दो नेपाली पासपोर्ट, दो फर्जी आधार कार्ड, चार पैन कार्ड, 16 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, एक चेकबुक, नेपाली पैन कार्ड, नागरिकता प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और 19,500 रुपये जब्त किए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि धमकी भरे ई-मेल और सट्टेबाजी नेटवर्क के बीच कोई संबंध है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और कितनी राशि विदेश भेजी गई। उनके बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट की भी जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article