शहर

नोएडा में PNB अफसरों पर बड़ा आरोप, 60 करोड़ की संपत्ति हड़पने की साजिश; 5 लोगों पर केस दर्ज

नोएडा सेक्टर-49 में पंजाब नेशनल बैंक के पांच बड़े अधिकारियों पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होटल कारोबारी अनिल बब्बर की शिकायत पर अदालत के आदेश से यह केस दर्ज किया गया।

Image

फाइल फोटो

Photo : iStock

Noida News: नोएडा-सेक्टर 49 में पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) के पांच अधिकारियों के खिलाफ 60 करोड़ रुपये की संपत्ति को हड़पने की कथित तौर पर साजिश रचने के लिए मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि एक होटल व्यापारी की याचिका पर अदालत के आदेश के बाद यह मुकदमा दर्ज किया गया।

थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि शनिवार रात को नोएडा सेक्टर-47 निवासी होटल कारोबारी अनिल बब्बर (66) की शिकायत पर बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख रविंद्र कुमार पांडे, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रिया रंजन, शाखा प्रबंधक नरेंद्र सिंह बिष्ट, जोनल हेड एसएन दुबे और एमसीसी हेड मनीष कश्यप के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि तत्कालीन भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी, 420, 467, 468, 471 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बैंक ने टर्म लोन पर बढ़ाई ब्याज दर

शिकायकर्ता के मुताबिक, उसने 2013 में हरिद्वार स्थित पीएनबी की एक शाखा से होटल खरीदने और संचालन के लिए 9.5 करोड़ रुपये का ’टर्म लोन’ लिया था और उस समय नौ प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर तय हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्होंने 2016 तक 13 करोड़ रुपये बैंक को चुका दिया लेकिन हैरानी तब हुई, जब बैंक ने अचानक ब्याज दर नौ से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी और उन पर पांच करोड़ रुपये का अतिरिक्त बकाया दिखा दिया। शिकायतकर्ता ने जब दबाव बनाया तो बैंक ने अपनी गलती स्वीकार की और 2019 में सिर्फ 30.50 लाख रुपये वापस किये।

पीड़ित कारोबारी ने बताया कि उनके होटल की वर्तमान बाजार कीमत करीब 60 करोड़ रुपये है लेकिन बैंक अधिकारियों ने संपत्ति का मूल्यांकन केवल 23 करोड़ रुपये दिखाया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अधिकारी अब ’सरफेसी एक्ट’ की आड़ में 60 करोड़ की संपत्ति को अपने किसी चहेते के नाम पर केवल 20 करोड़ रुपये में नीलाम करने की तैयारी कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पांचों आरोपियों पर उनके लोन दस्तावेजों में हेराफेरी का आरोप लगाया और अदालत का रुख किया, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article