Noida Fire News: नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 में बिजली का मीटर बनाने वाली एक फैक्टरी में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। जिसमें 30 से अधिक लोग घायल हो गए। आग लगने के समय ’कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड’ नामक फैक्टरी में लगभग 240 मजदूर फंस गए थे, जिनमें घायल भी शामिल थे। यह फैक्टरी फेज-1 पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित है। पुलिस ने बताया कि बचाव दल ने खिड़कियों को तोड़कर मजदूरों बाहर निकाला।
आग लगने के बाद मची भगदड़
अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि घटना में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’कुछ घायलों का आईसीयू में इलाज हो रहा है। कुछ लोगों की हड्डियां टूट गई हैं।’’ उन्होंने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है।’’ अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि थाना फेज-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 में स्थित बिजली का मीटर बनाने वाली फैक्टरी ’कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड’ में गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्टरी में करीब 240 लोग काम कर रहे थे। आग के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अपर पुलिस आयुक्त ने बताया, ’’आग लगने की वजह से कंपनी में काम कर रहे लोगों में भगदड मच गई। इस घटना में रंजीत, पंकज, दिलीप यादव, राजेश कुमार, सागर कुमार झा, दीपू, जीतू, नीरज, प्रदीप, दिलीप, प्रवीण, आलोक, सुखबीर, उमेश, अजीत, शिवनंदन, अमरजीत, रंजीत, मोहम्मद आलम, मुन्ना कुमार, पलाश सरकार सहित 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। 17 लोगों को आईसीयू में रखा गया है। आईसीयू में भर्ती ज्यादातर लोग धुएं में फंसने की वजह से मूर्छित हो गए थे।’’
फेस-2 में स्थित एक कंपनी में भी लगी आग
पुलिस ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 20 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया तथा आग लगने का कारण अब तक ज्ञात नहीं है। घटना में अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है। अधिकारी ने बताया कि मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि थाना फेस-2 क्षेत्र में स्थित एक अन्य कंपनी में भी आज सुबह अज्ञात कारण से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है और आग लगने की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
