शहर

Noida News: जान पर भारी पड़े 1500 रुपये! लेन-देन के विवाद में युवक की पत्थर से कर दी हत्या

नोएडा सेक्टर-64 में फुटपाथ पर रहने वाले 35 वर्षीय युवक की कथित रूप से उसके साथी ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच 1,500 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में युवक के सिर पर पत्थर से वार कर उसे नाले में धक्का दे दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

Image

नोएडा में 1500 रुपये के विवाद में युवक की हत्या

Noida News: नोएडा में 1500 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए मामूली झगड़े ने खौफनाक मोड़ ले लिया। फुटपाथ पर रहने वाले दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने दूसरे की जान ले ली। गुरुवार को पुलिस को नाले में एक शव मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

युवक के सिर पर वार कर नाले में फेंका

नोएडा के थाना फेज- 3 क्षेत्र के सेक्टर- 64 में यह वारदात हुई। जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहले युवक के सिर पर पत्थर से वार किया और फिर उसे नाले में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को सेक्टर-64 स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर उच्चाधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो फुटपाथ पर रहकर गुजर-बसर करता था।

आरोपी ने गुस्से में दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि राहुल का कोई स्थायी पता नहीं था और वह लंबे समय से इसी इलाके में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल और रविंद्र (30 वर्ष), पुत्र बनवीर सिंह, निवासी पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड, के बीच 1,500 रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों ही फुटपाथ पर सोते थे और आपस में जान-पहचान रखते थे। घटना वाले दिन विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रविंद्र ने गुस्से में आकर राहुल के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। वार से घायल राहुल को आरोपी ने पास के नाले में धक्का दे दिया। नाले में गिरने के बाद राहुल डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रविंद्र को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article