Noida News: अगर आप नोएडा या ग्रेटर में रहते हैं और मेट्रो से सफर करते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। नोएडा मेट्री की एक्वा लाइन और दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) के ब्लू लाइन स्टेशन पास-पास होने के बावजूद जुड़े हुए नहीं हैं। ऐसे में यात्रियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अभी तक यात्री एक मेट्रो से नीचे उतरकर सड़क और फुटपाथ पार करते हुए फिर दूसरे मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियां चढ़ते हैं। लेकिन अब यह गुजरे जमाने की बात हो जाएगा। क्योंकि सेक्टर 51 पर बना स्काईवॉक कल यानी मंगलवार 25 अगस्त को आपके इस्तेमाल के लिए खुल जाएगा। इसके खुलने से सेक्टर 51 और 52 के दोनों एक्वा व ब्लू लाइन मेट्रो स्टेशन के आपस में कनेक्ट हो जाएंगे।
नोएडा सेक्टर 51-52 को जोड़ने वाला स्काईवॉक 25 अगस्त को खुलेगा
इस स्काई वॉक के शुरू हो जाने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वैसे तो नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने सिविल विभाग के अधिकारियों को इसे 16 अगस्त से शुरू करने के निर्देश दिए थे। तब अथॉरिटी के अधिकारियों ने इसका जायजा भी लिया था। तब पता चला था कि सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन की ओर बनाया गया रास्ता भीड़ के लिहाज से कम चौड़ा था। इसके बाद एक रास्ता बनाने का निर्णय लिया गया और अब वह रास्ता भी बनकर तैयार हो चुका है।
ये भी पढ़ें - यूट्यूबर अजीत भारती के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में FIR, जाति पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
अधिकारियों के अनुसार स्काईवॉक मंगलवार 25 अगस्त को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। प्राधिकरण के अनुसार इसके लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट की तर्ज पर स्काईवॉक में ट्रेवलेटर भी लगाए गए हैं। बता दें कि साल 2023 में इस स्काईवॉक का निर्माण शुरू हुआ था और इसे 6 महीने में बनकर तैयार हो जाना था, लेकिन इसमें तीन साल का वक्त लग गया।
अथॉरिटी के मुताबिक स्कॉईवॉक के शुरू होते ही यहां यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है। पूर्व में स्काईवॉक का काम बीच में एक पिलर आने के कारण काफी समय अटका रहा था। इस पिलर को काटने और न काटने को लेकर लंबी चर्चाओं का दौर चला। हालांकि, बाद में पिलर के दोनों तरफ से रास्ता बनाने का विकल्प चुना गया। अब पिलर के दोनों तरफ 6-6 मीटर का रास्ता बनाया गया है।
