Jewar Airport Inauguration: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को संकेत दिया कि गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन इसी महीने यानी फरवरी में ही किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और एरोड्रम लाइसेंस से जुड़ी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे ही लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होगी, उद्घाटन की तारीख तय कर दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश का 5वां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट राज्य का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत विकसित की गई है और इसे एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के रूप में तैयार किया गया है। करीब 1,300 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह एयरपोर्ट भविष्य में एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाना है। इस एयरपोर्ट का पहला चरण सितंबर 2024 में शुरू होना था, लेकिन निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण इसकी समयसीमा कई बार बढ़ानी पड़ी। अब सभी प्रमुख कार्य पूरे होने के बाद उद्घाटन को लेकर तस्वीर साफ होती नजर आ रही है।
यात्रियों के लिए सभी सुविधाएं तैयार
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड और यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा से जुड़ा हर इंतजाम पूरा कर लिया गया है। आगमन और प्रस्थान टर्मिनल, बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्थाएं और अन्य आवश्यक ढांचा पूरी तरह तैयार है। हाल ही में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी ने चार दिनों तक एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों को भी दूर कर लिया गया है, जिससे अब संचालन शुरू होने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
पश्चिमी यूपी और NCR को मिलेगा बड़ा फायदा
जेवर एयरपोर्ट के चालू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक ढांचे को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। एयरपोर्ट से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक, आवासीय और सेवा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और NCR में शिक्षा, रोजगार, आवास और परिवहन से जुड़ा एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार होगा। सरकार का मानना है कि यह एयरपोर्ट न केवल हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई उड़ान देगा।
