शहर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार, 28 मार्च को PM मोदी करेंगे पहले फेज का उद्घाटन, यूपी को मिलेगी नई उड़ान

नोएडा एयरपोर्ट के लोकार्पण से पहले सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। पीएम मोदी 28 मार्च को इसके पहले फेज का उद्घाटन करेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यह प्रोजेक्ट यूपी के विकास और रोजगार के लिए अहम माना जा रहा है।

Image

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (फाइल फोटो)

Photo : PTI

गौतमबुद्धनगर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला फेज जल्द ही जनता के लिए खुलने वाला है। इसके उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी का दौरा करेंगे और इस महत्वकांक्षी परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस बड़े कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च की सुबह गौतमबुद्ध नगर पहुंचेंगे। वे लगभग 11:30 बजे जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे पीएम एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

योगी सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट तैयार

नोएडा एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश के विकास का एक बड़ा प्रतीक माना जा रहा है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल और लगातार प्रयासों से साकार किया गया है। सरकार का लक्ष्य इस परियोजना के जरिए निवेश बढ़ाना, रोजगार के नए अवसर पैदा करना और यूपी को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाना है।

सुरक्षा और ट्रैफिक पर प्रशासन सख्त

उद्घाटन समारोह को सफल बनाने के लिए प्रशासन हर छोटी-बड़ी चीज पर ध्यान दे रहा है। इसके तहत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की समस्या न हो। इसके अलावा ट्रैफिक, पार्किंग और निगरानी से जुड़ी सभी तैयारियों को तेज कर दिया है। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग क्षेत्र और आने-जाने के रास्तों को व्यवस्थित किया जा चुका है। इसके अलावा ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।

समारोह के दौरान पूरा एरिया सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी में रहेगा। कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस समारोह में वीवीआईपी मेहमानों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में आम लोगों के आने की भी संभावना है। जिसे देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और लाइट व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। इसके साथ ही चिकित्सा सुविधाएं, अग्निशमन सेवाएं, बैरिकेडिंग, साइनेज और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जेवर एयरपोर्ट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस पूरी परियोजना की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों से पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एयरपोर्ट का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम पूरी तरह सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो। नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ेगी, साथ ही यह राज्य को विकास के नए आयाम भी देगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article