NEET Paper Leak Case: नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) एजेंसी लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में संदिग्ध आरोपी शुभम खैरनार को लेकर CBI की टीम बुधवार सुबह करीब 5 बजे मुंबई रवाना हुई। जानकारी के अनुसार, आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के लिए आज सुबह 11 बजे मुंबई स्थित CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा। शुभम की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद CBI टीम उसे दिल्ली लेकर जाएगी, जहां आगे की पूछताछ की जाएगी।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी शुभम खैरनार ने कुछ और नामों का खुलासा किया है, जिसके बाद मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। सूत्रों के मुताबिक, नासिक से कुछ और लोगों की गिरफ्तारी होने की संभावना है। CBI को संदेह है कि पेपर लीक मामले में कई लोगों की मिलीभगत रही है। एजेंसी की जांच के घेरे में अब कुछ कोचिंग क्लास संचालक और संस्थान भी है। सूत्रों के अनुसार कई क्लास ऑनर CBI के रडार पर हैं और जल्द ही उनसे पूछताछ की जा सकती है।
3 मई को हुई आरोपी शुभम की गिरफ्तारी
राजस्थान पुलिस ने डॉक्टर शुभम खैरनार को महाराष्ट्र के नासिक से। शुभम पहले सीहोर की एक यूनिवर्सिटी में बीएएमएस का छात्र रह चुका है। पुलिस ने उसे 3 मई 2026 को हिरासत में लिया था। जिसके बाद से उससे लगातार पूछताछ जारी है। जांच में उसके यूनिवर्सिटी से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने आरोपी शुभम से खुद को अलग कर लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि आरोपी का सिर्फ नाममात्र का ही संस्थान से संबंध था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह किसी बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा था या नहीं। गौरतलब है कि NEET 2026 पेपर लीक मामले में राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी और गिरफ्तारियां हो रही हैं।
